Supaul News: सुपौल : गड्ढे में डूबने से आठ वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Supaul News: बिहार के वीरपुर में भीमनगर पंचायत के वार्ड 13 में, आठ वर्षीय छात्र सूरज कुमार की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों ने गड्ढों को सुरक्षित बनाने की मांग की है। यह घटना पूरे गांव में मातम का कारण बनी है।

Supaul News: वीरपुर, एक संवाददाता। बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत भीमनगर पंचायत के वार्ड संख्या-13, लालपुर निवासी आठ वर्षीय छात्र सूरज कुमार की बरसात के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मृतक सूरज कुमार (पिता- कृत्यानंद शर्मा) लालपुर मध्य विद्यालय का छात्र था।
घटना का विवरण
बुधवार को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद वह अपने चार अन्य साथियों के साथ स्कूल से कुछ ही दूरी पर स्थित बरसात के पानी से भरे गड्ढे में नहाने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। साथ मौजूद अन्य बच्चे घबराकर वहां से भाग गए। ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि कुछ देर बाद मछली पकड़ने पहुंचे एक मछुआरे की नजर बच्चे पर पड़ी। उसने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन बच्चे को वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता कृत्यानंद शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. एस. रहमान ने बताया कि बच्चे की आवश्यक जांच की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय लोगों ने बरसात के दिनों में पानी से भरे गड्ढों को सुरक्षित कराने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग प्रशासन से की है।


