सुपौल : सिमराही बाजार में 5 घंटे का महाजाम, एनएच-27 व एनएच-106 पर यातायात ठप

Feb 10, 2026 11:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share

राघोपुर के सिमराही बाजार में एक बार फिर महाभीषण जाम लग गया। मंगलवार को 1 बजे से शुरू हुआ यह जाम लगभग 5 घंटे तक चला, जिससे एनएच-27 और एनएच-106 पर यातायात ठप हो गया। कई एम्बुलेंस भी फंसी रहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।

सुपौल : सिमराही बाजार में 5 घंटे का महाजाम, एनएच-27 व एनएच-106 पर यातायात ठप

राघोपुर, एक प्रतिनिधि। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार एक बार फिर महाभीषण जाम की चपेट में आ गया। मंगलवार को दोपहर 1 बजे से शुरू हुआ यह जाम लगभग 5 घंटे तक जारी रहा और एनएच-27 एवं एनएच-106 के महत्वपूर्ण क्रॉसिंग जेपी चौक पर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। इस भीषण जाम ने वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करने पर मजबूर कर दिया। सिमराही बाजार के जेपी चौक पर देखते ही देखते वाहनों का अंबार लग गया। बसें, ट्रक, निजी वाहन और ऑटो रिक्शा सभी जाम में फंस गए। चारों दिशाओं से आने वाले वाहन जहां के तहां थम गए, जिससे पूरा इलाका एक विशाल पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया।

जाम की स्थिति इतनी विकट थी कि कतारें एनएच पर लगभग 10 किलोमीटर पूरब और पश्चिम तक फैल गईं। इस महाजाम का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि कई एम्बुलेंस भी फंस गईं। मरीजों को लेकर जा रही इन एम्बुलेंसों के सायरन लगातार बजते रहे, लेकिन जाम के कारण उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिला। यह स्थिति न केवल मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी, बल्कि इसने मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोर दिया। जाम की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य करने का प्रयास करने लगी। पुलिसकर्मी घंटों तक जाम छुड़ाने में लगे रहे। वाहनों को निकालने और रास्ता बनाने की कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक संख्या, सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमराही बाजार में यह समस्या दशकों से बनी हुई है। जाम का मुख्य कारण एनएच-27 के किनारे फुटकर दुकानदारों का अतिक्रमण है। दुकानों के बाहर सामान फैलाना, ठेले लगाना और ग्राहकों की भीड़ के कारण सड़क संकरा हो जाता है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। नगर पंचायत के कार्यपालक अधिकारी (ईओ) वीणा वैशाली ने बताया कि जाम की जानकारी मिली है और जल्द ही इस समस्या के स्थायी समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।