Supaul News: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस, छात्रों ने पौधे देकर शिक्षकों को किया सम्मानित
Supaul News: प्रतापगंज में सरस्वती विद्या निकेतन सह पब्लिक हाई स्कूल में शिक्षकों का सम्मान करते हुए शिक्षक दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षक गीता मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के पौधे देकर अपने गुरुजनों का आदर किया। प्राचार्य डॉ अजय कुमार यादव ने अवसर का महत्व बताया और गुरु की भूमिका को सराहा।

Supaul News: प्रतापगंज, निज प्रतिनिधि सरस्वती विद्या निकेतन सह पब्लिक हाई स्कूल परिसर में ईको क्लब के तत्वावधान में शिक्षक दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के शिक्षकों द्वारा पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस अवसर पर ईको क्लब के छात्र-छात्राओं ने नोडल पदाधिकारी शिक्षिका गीता मिश्रा के नेतृत्व में अपने गुरुजनों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे देकर सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण और संतुलन का संदेश देने वाली यह पहल कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। विद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार यादव ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है।
गुरु केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाले, संस्कारों के वाहक, व्यक्तित्व के निर्माता और राष्ट्र निर्माण के प्रथम शिल्पकार होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि कृतज्ञता, सम्मान और आत्ममंथन का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज हम भारत रत्न से सम्मानित महान दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पावन स्मृति को नमन करते हुए देश के प्रत्येक शिक्षक के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं। इस अवसर पर शिक्षक विनय कुमार सिंह, कृष्ण कुमार, अनंत कुमार झा, अमित कुमार, साजन कुमार, मुकेश जायसवाल, खुशबू कुमारी, परिणति कुमारी और सोनी कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


