सुपौल : सदर अस्पताल में मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का रास्ता साफ
सुपौल, वरीय संवाददाता। सदर अस्पताल में स्थायी मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का रास्ता साफ हो

सुपौल, वरीय संवाददाता। सदर अस्पताल में स्थायी मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। हाल ही में हुई नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक इसका प्रस्ताव ले लिया गया है। अब दो से तीन दिनों के अंदर नगर परिषद सामान्य बोर्ड की बैठक होनी है, जिसमें इस प्रस्ताव पर एकमत से स्वीकृत करते हुए अंतिम मुहर लग जाएगी। दरअसल, महावीर चौक शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में से प्रमुख एक चौराहा है। वहीं महावीर चौक स्थित सदर अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। पार्किंग नहीं होने से सदर अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को वाहन पार्किंग में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जबकि पीक आवर्स में बेतरतीब जाम की वजह से इस चौराहे के बीचोंबीच होते हुए सदर अस्पताल परिसर में प्रवेश करना चुनौतीपूर्ण रहता है। कई बार तो एंबुलेंस के जाम में फंस जाने के कारण मरीजों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत तक हो चुकी है। बता दें कि सदर अस्पताल में सामान्य के साथ-साथ जिलेभर से रेफर हुए मरीज भी पहुंचते हैं। ऐसे में यहां निजी वाहनों की संख्या काफी ज्यादा हो जाती है। आलम यह होता है कि सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के भीतर तीन से चार-चार कतारों में मरीज व उनके परिजन दो पहिया वाहन खड़े कर देते हैं। जबकि दूसरी तरफ तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का भी बड़ा दबाव रहता है। ऐसे में अस्पताल परिसर में स्थायी पार्किंग बन जाने के बाद मरीज व उनके परिजनों के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन को भी काफी सहूलियत होगी। गौरतलब है कि सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के भीतरी परिसर में नगर परिषद सुपौल की करीब ढाई से तीन कट्ठा जमीन खाली है। नगर परिषद की इसी खाली जमीन पर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाए जाने की योजना है। इस खाली जमीन को अलग से बाउंड्रीवॉल देते हुए इसपर दो-तीन पहिया समेत चार पहिया वाहनों के पड़ाव के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। पार्किंग निर्माण को लेकर नगर परिषद के आर्किटेक्ट नक्शा तैयार कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही यह नक्शा भी तैयार हो जाएगा। इसकी तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव ने कहा कि नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सदर अस्पताल में मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव ले लिया गया है। दो से तीन दिनों में सामान्य बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पारित कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


