असर: सदर अस्पताल में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
रवि कुमार सुपौल। सदर अस्पताल में अपनी खाली जमीन पर नगर परिषद मल्टी लेवल पार्किंग

सुपौल। सदर अस्पताल में अपनी खाली जमीन पर नगर परिषद मल्टी लेवल पार्किंग बनाएगा। पार्किंग के बन जाने के बाद अस्पताल आने वाले मरीज व उनके परिजनों को अपने वाहनों को सुरक्षित रखने में काफी सहूलियत होगी। साथ ही अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगने वाले जाम से भी अस्पताल प्रबंधन को निजात मिलेगी। इस बाबत नगर परिषद की ओर से शनिवार को हुई सामान्य बोर्ड की बैठक में सदर अस्पताल परिसर स्थित नप की खाली जमीन पर पार्किंग बनाए जाने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ। अब जल्द ही पार्किंग निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि आपके अपने लोकप्रिय अखबार हिन्दुस्तान ने लगातार अभियान चलाकर नगर परिषद और जिला प्रशासन के संज्ञान में यह मामला लाया। इस क्रम में हिन्दुस्तान ने 16 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल में स्थायी पार्किंग बने तो बढ़ेगी आवाजाही में सुविधा, 17 अप्रैल को प्रबंधन पार्किंग का विवाद सुलझाए या मरीजों का इलाज कराए, 18 अप्रैल को जीविका रसोई के पास खाली जमीन में वन सकती स्थायी पार्किंग, 19 अप्रैल को जिला प्रशासन करे पहल तो सदर अस्पताल में बन जाए स्थायी पार्किंग, 20 अप्रैल को सदर अस्पताल में बनेगा मल्टी स्टोरी स्थायी पार्किंग, होगी सुविधा, 6 मई को सदर अस्पताल में मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का रास्ता हुआ साफ और 12 मई को नप ने कराई जमीन की मापी, जल्द शुरू होगी पार्किंग निर्माण प्रक्रिया शीर्षक से प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की थी। हिन्दुस्तान के इस अभियान को नगर परिषद अध्यक्ष ने काफी सराहा और आगे बढ़कर सदर अस्पताल में अपनी जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का निर्णय लिया था। फिलहाल आलम यह है कि सदर अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर अंदर के प्रवेश द्वार तक तीन से चार कतार में दो पहिया वाहन जबकि एक कतार में तीन पहिया और चार पहिया वाहन भी खड़े कर दिये जाते हैं। मुख्य चौराहा होने के कारण महावीर चौक पर पीक आवर्स समेत सामान्य समय में भी यहां जाम की स्थिति रहती है। नतीजा यह होता है कि चौराहे से अस्पताल के मुख्य द्वार से बाहर निकलने या फिर अस्पताल के अंदर एंबुलेस चालकों को प्रवेश करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ जाता है। कई बार तो एंबुलेंस में सवार मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी मौत तक हो जाती है। फिर इसका खामियाजा अस्पताल प्रबंधन को भी भुगतना पड़ता है।
नगर परिषद अध्यक्ष की सराहना
नप के चेयरमैन राघवेंद्र झा राघव ने कहा कि हिन्दुस्तान की मुहिम आमलोगों के हित में है। हिन्दुस्तान ने अस्पताल आने-जाने वाले मरीज व उनके परिजनों की समस्या पर नप का ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि जमीन की मापी हो चुकी है। नप की दो कट्ठा 17 धूर खाली जमीन है। कहा कि मैंने खुद भागलपुर के कचहरी चौक पर बनी मल्टी लेवल पार्किंग का मुआयना किया है। उसी की तर्ज पर सुपौल में निर्माण होगा। डीपीआर तैयार हो रहा है। दरअसल, महावीर चौक शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में से प्रमुख एक चौराहा है। वहीं महावीर चौक के ठीक सामने स्थित सदर अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था फिलहाल नहीं है। पार्किंग नहीं होने से सदर अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को वाहन पार्किंग में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जबकि पीक आवर्स में बेतरतीब जाम की वजह से इस चौराहे के बीचोंबीच होते हुए सदर अस्पताल परिसर में प्रवेश करना चुनौतीपूर्ण रहता है। यहां का जाम छुड़ाने में ट्रैफिक पुलिस के भी पसीने छूट जाते हैं।
आंबेडकर चौक पर बनेगा घंटाघर और लाइब्रेरी
सुपौल, वरीय संवाददाता। जिला मुख्यालय के आंबेडकर चौक पर घंटाघर और लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर जल्द प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस बाबत नगर परिषद सभागार में शनिवार को हुई सामान्य बोर्ड की बैठक में कुल पांच एजेंडों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बैठक के क्रम में सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से सांसद दिलेश्वर कामैत, नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव, कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद सिंह समेत सभी वार्ड पार्षद व विभागीय कर्मी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन अयोग्य लोगों ने पीएम आवास योजना की राशि ली है तथा जिन पात्र लोगों ने राशि लेने के बाद भी अबतक मकान निर्माण का काम शुरू नहीं किया है, उन्हें चिह्नित करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन पार्षदों के वार्डों में विभिन्न समस्याएं हैं, उनके साथ चार-चार पार्षदों का समूह बनाकर इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी उनकी समस्या सुनेंगे और समाधान को लेकर पहल करेंगे। इसकी शुरुआत एक जून से हो जाएगी। इस बाबत नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव ने संबंधित कर्मी को सात दिनों में शहर के सभी 28 वार्डों में से चार-चार पार्षदों का समूह बनाकर उनकी समस्या सुलझाने को कहा। इधर, कार्यपालक पदाधिकारी ने पीएम आवास योजना की समीक्षा के क्रम में कहा जिन लोगों ने पीएम आवास योजना के तहत मकान निर्माण को लेकर जियो टैगिंग करा ली है, उन्हें जल्द ही किस्त का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 जून तक अलॉटमेंट आने वाला है, इसके बाद भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। साथ ही जिन वार्डों में ठेकेदारों ने सड़क का निर्माण किया है और वह एक-डेढ़ साल के दौरान ही टूट गई है, उसकी मरम्मत भी संबंधित ठेकेदार को करना है। नगर परिषद की ओर से शहर के आंबेडकर चौक स्थित आंबेडकर पार्क का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही यहां पर एक दो मंजिली लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी। इस लाइब्रेरी में बच्चे नि:शुल्क पढ़ाई कर सकेंगे। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं समेत कोर्स की किताबें भी यहां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा आंबेडकर चौक स्थित आरओबी के आखिरी छोर से 100 मीटर दूर घंटाघर (क्लॉक टावर) बनाया जाएगा। यह करीब 40 फीट ऊंची होगी। जबकि इसके चारों ओर से वाहनों का परिचालन होगा। साथ ही शहर में चल रही योजनाओं की समीक्षा भी बैठक में की गई।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


