सुपौल : त्रिवेणीगंज में असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल पर पोती कालिख
त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। त्रिवेणीगंज नगर परिषद में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल कालिख

त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। त्रिवेणीगंज नगर परिषद में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल कालिख पोत दी। घटना बुधवार देर रात शहर के चिलौनी नदी पुल के किनारे की है। जब लोग अलसुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। इसे देख कर लोग दंग रह गए। धीरे-धीरे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि इसकी सूचना मिलते एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान, अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह, बीडीओ मो सदरूल हसन, बीपीआरओ मनीष कुमार, थानाध्यक्ष राकेश कुमार बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगो को शांत कराया।
प्रशासन ने एहतियातन धार्मिक स्थल को लाल कपड़े से ढंक दिया। साथ ही घटनास्थल दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द इस कृत्य में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करते हुए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, धार्मिक स्थल के पंडित एतवारी शर्मा ने बताया कि बुधवार देर शाम वह धार्मिक स्थल के ग्रिल पर ताला लगाकर चले गए थे। किसी ने रात में लाइट बुझाकर ऐसा काम किया है। इस बाबत खगड़िया जिले के परबत्ता थाना के अररिया निवासी पंडित एतवारी शर्मा ने थाना में अज्ञात आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने जल्द से जल्द दोषी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई व स्थल की सुरक्षा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार ने बताया कि धार्मिक स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। जिसके बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। धार्मिक स्थल के पंडित ने आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध आवेदन दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य व नियंत्रण में है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


