सुपौल : विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष ग्राम सभा का किया गया आयोजन
सरायगढ़, निज संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र की 12

सरायगढ़, निज संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र की 12 पंचायतों में मुखिया विजय कुमार यादव की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कचरे के पृथक्करण, खुले में कचरा फेंकने एवं जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध, गीले कचरे के ऑन-साइट प्रसंस्करण, उपभोक्ता शुल्क, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। ग्राम सभा में बताया गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए वार्ड सदस्यों और मुखिया को लीड फैसिलिटेटर की भूमिका निभानी होगी।
लोगों को घर-घर कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में कहा गया कि नियमावली-2026 के तहत कचरा संग्रहण एवं उसके वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए नागरिकों को निर्धारित मासिक उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य है। इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। इस अवसर पर मुखिया विजय कुमार यादव ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की। बैठक में उपमुखिया ललिता देवी, पंचायत सचिव राजेश्वरी ऋषिदेव, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार शर्मा, पंचायत लेखापाल चंद्रमाला साहू, कार्यपालक सहायक सेवकानंद कुमार सुमन, वार्ड सदस्य अनवरी बेगम, कविता कुमारी, नंदलाल मंडल, रामू मुखिया, आशा देवी, संजय कुमार, चंदन मोदी, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


