सुपौल : वाहन तोड़फोड़-हंगामा मामले में 22 हिरासत में, 114 नामजद व 250 से ज्यादा अज्ञात पर केस
भीमपुर, एक संवाददाता। छातापुर स्टैंड में बुधवार शाम एक यात्री बस में आग लग जाने

भीमपुर, एक संवाददाता। छातापुर स्टैंड में बुधवार शाम एक यात्री बस में आग लग जाने से बस धू-धूकर जल उठी थी। पुलिस को सूचना दिये जाने के बाद भी दमकल के करीब पौन घंटे देरी से पहुंचने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने थाना के आगे पुलिस वाहन में तोड़फोड़ व हंगामा किया था। पुलिस ने भीड़ में शामिल उपद्रवियों की पहचान करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार रात तक 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जबकि गुरुवार को समाचार लिखे जाने तक कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें एक स्थानीय महिला भी शामिल है।
गौरतलब है कि बस में आग लगने की घटना के बाद रात करीब 8.05 बजे डीआईजी कुमार आशीष, डीएम सावन कुमार व एसपी शरथ आरएस भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस व प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 उपद्रवियों को चिह्नित किया गया था। इधर, छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि तोड़फोड़ व हंगामा के वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। अबतक 114 लोगों को नामजद एवं 250 से तीन सौ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हिरासत में लिये गए लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रकिया की जा रही है। बता दें कि बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे छातापुर स्टैंड में खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई थी। आग ने देखते ही देखते भयावह रूप अख्तियार कर लिया था। इस बीच भीमपुर थाना से दमकल के पहुंचने में देरी से स्टैंड में मौजूद सैकड़ों लोग आक्रोशित हो गए। जब दमकल वाहन मौके पर पहुंचा तो लोगों ने उसका विरोध कर दिया। साथ ही वाहन के पीछे-पीछे थाना तक पहुंच गए। इस दौरान थाना गेट के सामने कुछ उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करते हुए पत्थरबाजी की थी, जिसमें थाने के एक एसआई त्रिलोकी नाथ शर्मा जख्मी हो गए थे। घटना के बाद रात करीब आठ बजे डीएम सावन कुमार एसपी सरथ आरएस सहित कोसी रेंज के डीआईजी डॉ कुमार आशीष भी मौके पर पहुंचे थे। उनके हस्तक्षेप के बाद कानून व्यवस्था बहाल हुई थी। डीएम सावन कुमार ने कहा कि सरकारी वाहन में तोड़फोड़ व कर्मचारी को पत्थरबाजी कर घायल करना अपराध की श्रेणी में आता है। वीडियो के आधार पर लगातार आरोपितों को चिह्नित किया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


