Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsShocking Cyber Fraud in Supaul Thugs Pose as Officials to Scam Thousands
सुपौल : अंचल कार्यालय के नाम पर साइबर ठगी, दाखिल-खारिज का लालच देकर 4,880 रुपये ठगे

सुपौल : अंचल कार्यालय के नाम पर साइबर ठगी, दाखिल-खारिज का लालच देकर 4,880 रुपये ठगे

संक्षेप:

सुपौल में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां ठगों ने अंचल कार्यालय के नाम पर एक व्यक्ति से 4,880 रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को अंचल कर्मी बताकर फोन किया और जमीन से जुड़े कार्यों के लिए पैसे मांगे। जब पीड़ित ने दोबारा संपर्क किया, तो नंबर बंद मिला। मामला दर्ज किया जा रहा है।

Jan 09, 2026 11:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। अंचल से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जमीन से जुड़े दाखिल-खारिज, परिमार्जन और बंटवारे जैसे कार्यों को शीघ्र कराने का झांसा देकर ठगों ने अंचल कार्यालय के नाम पर एक व्यक्ति से हजारों रुपये ऐंठ लिए। साइबर ठगों ने खुद को अंचल कर्मी बताते हुए अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर ऑनलाइन भुगतान की मांग की। जानकारी के अनुसार पीड़ित मुकेश कुमार ने अंचल कार्यालय में भूमि बंटवारे के लिए आवेदन दिया था। इसी दौरान उन्हें फोन कर काम जल्दी निपटाने के नाम पर 2,440 रुपये ऑनलाइन भेजने को कहा गया। इसके बाद ठगों ने उनके भाई को भी कॉल कर इसी बहाने पैसे मंगवाए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस तरह कुल 4,880 रुपये की ठगी कर ली गई। जब पीड़ित ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिला, जिससे ठगी का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित अंचलाधिकारी के पास पहुंचे। जांच में स्पष्ट हुआ कि अंचल कार्यालय द्वारा किसी भी प्रकार का फोन कर पैसे मांगने की कोई प्रक्रिया नहीं है। इस संबंध में अंचलाधिकारी विजय प्रताप ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि भूमि से जुड़े सभी कार्य सरकारी प्रक्रिया के तहत होते हैं और भुगतान केवल अधिकृत सरकारी माध्यम से ही किया जाता है। उन्होंने बताया कि मामले में कार्रवाई के लिए निर्मली थाना में आवेदन दिया जा रहा है तथा आम लोगों से अपील की कि इस तरह की कॉल पर तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचना दें।