सुपौल : लगातार आंधी-बारिश से मूंग की फसल बर्बाद, किसानों की बढ़ी चिंता
सुपौल में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही आंधी और बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। मूंग की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में फिर से आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही आंधी और बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। निचले इलाकों के खेतों में पानी जमा हो जाने से मूंग की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि इस बार मूंग की तैयार फसल लगभग बर्बाद हो गई है। किसान परमेश्वरी मंडल, राजेंद्र यादव, रामपाल मंडल, चंदेश्वरी यादव और रामधनी शाह ने बताया कि कभी दिन में तो कभी रात में तेज बारिश हो रही है।
फसल पर असर
बारिश के बाद अचानक तेज धूप निकलने से खेतों में लगी मूंग और गरमा फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। खेतों में जलजमाव के कारण कई जगह फसल पीली पड़ने लगी है, जबकि कुछ खेतों में पौधे सड़ने लगे हैं। किसानों ने बताया कि मूंग की फसल तैयार होने की स्थिति में थी, लेकिन लगातार खराब मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
स्वास्थ्य पर प्रभाव
जिले में लगातार बदल रहे मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। गुरुवार को सदर अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक एक दिन में करीब 350 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। सदर अस्पताल की ओपीडी में बच्चों के विशेषज्ञ डॉ. विद्यासागर और मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सरोज कुमार ने मरीजों का इलाज किया। डॉक्टरों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। लगातार हो रही बारिश, उमस और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अस्पताल पहुंचे अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और शरीर दर्द की शिकायत से पीड़ित थे। वहीं कई मरीज चर्म रोग की समस्या लेकर भी पहुंचे। डॉक्टरों ने लोगों को बदलते मौसम में सतर्क रहने, ठंडे खाद्य पदार्थों से परहेज करने और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


