सुपौल : नेपाल भाग रहा था तस्कर, एसएसबी ने घेराबंदी कर दबोचा

Feb 19, 2026 01:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। एसएसबी 45 वीं बटालियन ने पुलिस के साथ मिलकर ब्राउन शुगर और नेपाली शराब बरामद की। दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कमांडेंट ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।

सुपौल : नेपाल भाग रहा था तस्कर, एसएसबी ने घेराबंदी कर दबोचा

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने शिकंजा कस दिया है। एसएसबी 45 वीं बटालियन के जवानों ने पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर और बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है। तीन अलग-अलग अभियानों में दो तस्करों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों को सौंपा गया है। एसएसबी 45 वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे सीमा चौकी रिफ्यूजी कॉलोनी को सूचना मिली कि शराब और मादक पदार्थों की तस्करी होने वाली है। सूचना की पुष्टि के बाद एसएसबी और थाना बसमतिया की संयुक्त टीम गठित कर सीमा स्तंभ संख्या 199/05 के समीप घेराबंदी की गई।

कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति भारत से नेपाल की ओर गुप्त रास्ते से जाता दिखा। सतर्कता दिखाते हुए जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रबी राम बिश्वकर्मा, निवासी सिंधुली (नेपाल) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 42 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर जब्त मादक पदार्थ और आरोपी को थाना बसमतिया को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया। इसी क्रम में 18 फरवरी को सीमा चौकी नरपतपट्टी ने विशेष नाका ड्यूटी के दौरान 120 लीटर नेपाली शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त की। शराब को एक्साइज विभाग सिमराही को सुपुर्द किया गया। वहीं, सीमा चौकी नियोर ने नाका जांच के दौरान 89.1 लीटर नेपाली शराब के साथ चंचल कुमार, निवासी मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार किया। आरोपी को थाना आंध्रमठ को सौंप दिया गया है। संयुक्त अभियान में सहायक कमांडेंट जगत्तर सिंह, एएसआई बबलू कुमार, एएसआई भारत भूषण तथा बिहार पुलिस के उप निरीक्षक अमित कुमार सहित अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही। कमांडेंट ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।