सुपौल : उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल, तीन दिनों तक राहत के आसार नहीं
सुपौल में गर्मी और उमस से लोग प्रभावित, मौसम विभाग ने दी चेतावनी। कोसी-सीमांचल में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना। बिहार में उच्च तापमान और नमी के कारण असुविधा की स्थिति।

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, लेकिन लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार को सुबह से तेज धूप निकलने के कारण वातावरण में उमस काफी बढ़ गई। दिनभर लोग पसीने से तरबतर रहे। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखी और लोग छांव की तलाश करते नजर आए।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही सुपौल समेत कोसी-सीमांचल के कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। बिहार मौसम सेवा केंद्र की ओर से जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में उच्च तापमान और नमी के कारण अत्यधिक असुविधा की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, समस्तीपुर, पटना, नालंदा, शेखपुरा और नवादा जिलों के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात हो सकता है।
भावित लोग
पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
तापमान का अंकड़ा
भीषण गर्मी के बीच एक राहत भरी बात यह है कि इस वर्ष जिले में पिछले तीन वर्षों की तुलना में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं वर्ष 2023 में 17 अप्रैल को 40.8 डिग्री और वर्ष 2025 में 24 अप्रैल को 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इसके विपरीत वर्ष 2026 में अब तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस की सीमा को पार नहीं कर पाया है।मौसम वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि पुरवा हवा की गति करीब तीन किलोमीटर प्रति घंटा रहने के कारण वातावरण में नमी बढ़ी और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं, लेकिन फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रहेगा।
मौसम से जुड़ी सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


