
सुपौल : इंस्टाग्राम पर दोस्ती, त्रिवेणीगंज के मंदिर में एक-दूसरे की हुईं पूजा-काजल
त्रिवेणीगंज में दो युवतियों ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद समलैंगिक विवाह किया। दोनों ने एक मंदिर में अग्नि के फेरे लेकर शादी की। यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। युवतियों का कहना है कि उनका रिश्ता आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव पर आधारित है।
त्रिवेणीगंज, मनोज रोशन। इंस्टाग्राम पर दोस्ती। फिर एक-दूसरे से हुई जान-पहचान इतनी बढ़ गई कि दो युवतियों ने साथ जीने-मरने तक की कसमें खा लीं और अंतत: बीते मंगलवार की देर रात एक मंदिर में दोनों भगवान को साक्षी मानकर अग्नि के सात फेरे लिये और उम्र भर के लिए एक-दूसरे की हो गईं। दरअसल, त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र से एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां नगर परिषद वार्ड 18 स्थित एक मॉल में कार्यरत दो युवतियों ने आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर लिया है। यह विवाह अब त्रिवेणीगंज ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार वैवाहिक बंधन में बंधी दोनों युवतियों की मुलाकात दो वर्ष पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। ऑनलाइन बातचीत से शुरू हुई दोस्ती समय के साथ गहरे भावनात्मक रिश्ते में बदल गई। एक-दूसरे को समझने और साथ समय बिताने के बाद दोनों ने सात जन्म तक साथ रहने का फैसला लिया। इसी क्रम में मंगलवार की देर रात दोनों त्रिवेणीगंज मेला ग्राउंड स्थित एक मंदिर पहुंचीं और भगवान को साक्षी मानकर सादे तरीके से विवाह के बंधन में बंध गईं। बताया जाता है कि उस समय मंदिर परिसर में कम लोग मौजूद थे। विवाह के दौरान दोनों ने गैस चूल्हे के चारों ओर सात फेरे लेकर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं। दोनों युवतियां पिछले दो महीनों से नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 18 में किराए के कमरे में साथ रह रही थीं और एक ही मॉल में काम करती हैं। बुधवार सुबह जब वे विवाह के बाद अपने कमरे पर लौटीं तो यह बात मोहल्ले में फैल गई, जिसके बाद आसपास के लोग जानकारी लेने जुटने लगे। इसी बीच नवविवाहित युवतियों ने अपनी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। युवतियों की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज गोशाला चौक वार्ड 8 निवासी संतोष गुप्ता की 21 वर्षीय पुत्री पूजा गुप्ता तथा शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा बघला वार्ड एक निवासी शंभू यादव की 18 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। इस अनोखे विवाह में पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई, जबकि काजल कुमारी दुल्हन बनीं। दोनों युवतियों का कहना है कि उनका रिश्ता पूरी तरह आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव पर आधारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से लिया है और वे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं। इस विवाह को लेकर स्थानीय स्तर पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सहमति का विषय बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामाजिक परंपराओं के विपरीत मान रहे हैं। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




