
सुपौल : घर-घर जाकर पंच परिवर्तन का संकल्प दिला रहे स्वयंसेवक
प्रतापगंज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष का जश्न मना रहा है। स्वयंसेवक गोविंदपुर और श्रीपुर पंचायत में हिंदू समाज को पंच परिवर्तन का संकल्प दिला रहे हैं। इसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्य बोध जैसे पांच प्रमुख बिंदु शामिल हैं।
प्रतापगंज, निज प्रतिनिधि। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश भर में अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। इसी कडी में प्रखंड के गोविंदपुर और श्रीपुर पंचायत में स्वयंसेवक घर घर जाकर हिंदू समाज को पंच परिवर्तन का संकल्प दिला रहे हैं। वरीय सदस्य जयंत जोशी बताते हैं कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसमें पांच प्रमुख बिंदु शामिल है। जिनका पालन कर एक बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इसका पहला बिंदु सामाजिक समरसता है, जिसका लक्ष्य शिक्षा, सुविधाओं और सम्मान से वंचित लोगों को साथ लेकर आगे बढाना है। दुसरा बिंदु पर्यावरण संरक्षण है।
जिसमें पानी बचाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और अधिक पेड लगाने पर जोर दिया जा रहा है ताकि प्रकृति का शोषण रोका जा सके। तीसरा बिंदु कुटुंब प्रबोधन है। जो भारतीय संस्कृति में कुटुंब के महत्व को पुनः स्थापित करने पर केंद्रित है। शहरीकरण के कारण छोटे होते परिवारों को मैं से हम की यात्रा की ओर अग्रसर करना इसका उद्देश्य है। चौथा स्व आधारित जीवन है। जिसका अर्थ है देश के संसाधनों के आधार पर विकास के मार्ग प्रशस्त करना और आर्थिक व संस्कृतिक रूप से आत्मनिर्भर बनना है। पांचवां और अंतिम बिंदु नागरिक कर्तव्य बोध है। इसके तहत संविधान, कानून और अनुशासन का पालन करने, कानून हाथ में न लेने और गैर कानूनी आचरण से बचने का संकल्प दिलाया जा रहा है। स्वंयसेवकों का मानना है कि देश के लिए 24 घंटे जीने की भावना आवश्यक है। इस अभियान में श्रीपुर पंचायत में डा. महेश्वर गोईत, रामचरण शर्मा, धनंजय झा, कुमुद काडोगिया, बलराम भिंडवार, राकेश कुमार, राहुल गोईत, निर्मल कुमार, अमित सिंह, जयंत जोशी, विजय भुसकूलिया, राहुल कुमार गोईत, रूपेश कुमार यादव, दिव्यांशु कुमार, मनीष कुमार, सतीश मंडल, सुनील कुमार और दिलीप शर्मा जैसे स्वयंसेवक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




