
सुपौल : नप अध्यक्ष राघवेंद्र बने रोटरी क्लब सुपौल के नए अध्यक्ष
सुपौल में रोटरी क्लब ने चार्ट नाइट का आयोजन किया। इस समारोह में नए अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव ने पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध गायक और छात्रों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। राघवेंद्र झा ने समाज सेवा और मानवता के कल्याण के लिए क्लब की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सुपौल, एक संवाददाता। रोटरी क्लब सुपौल की ओर से शहर के एक निजी सभागार में शनिवार शाम चार्ट नाइट का आयोजन किया गया। इस क्रम में समाज के हर वर्ग के लिए नि:स्वार्थ सेवा, सहयोग और सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब सुपौल में पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नए अध्यक्ष सहित अन्य उत्साही सदस्यों को विधिवत कार्यभार ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम में सुपौल नगर के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने रोटरी क्लब सुपौल के अध्यक्ष पद का दायित्व पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजाराम गुप्ता से ग्रहण किया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
इससे पूर्व रोटरी के अध्यक्ष राघवेन्द्र झा राघव, सेक्रेटरी रवि जैन, पूर्व अध्यक्ष डॉ राजाराम गुप्ता, पूर्व सेक्रेटरी प्रशांत कुमार एवं अन्य कई गणमान्य ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की। कार्यक्रम की शुरुआत शाम पांच बजे से हुई। एक से एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर पूर्णिया के प्रभात झा ने अपनी गजलों से सब का मन मोह लिया। जबकि अजय कुमार झा ने कई फिल्मी नगमों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। वहीं दिल्ली पब्लिक स्कूल सुपौल की छात्रा अर्पिता ने अपने संगीत से सब को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर क्लब के बीते कार्यकाल (2024–25) में उत्कृष्ट सेवा भाव के लिए सीनियर रोटेरियन डॉ. कन्हैया प्रसाद सिंह ने नीरज किशोर प्रसाद, डॉ. उदय कुमार कर्ण, गौरव गुप्ता, ब्रज किशोर मिश्र, अमित आनंद, प्रिंस कुमार तथा रवि कुमार जैन को सम्मानित किया। इस बीच नव निर्वाचित अध्यक्ष नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने कहा कि रोटरी क्लब अपनी विचारधारा की अंतर्भूमि पर समाज सेवा और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित है। यह विचारधारा उनकी व्यक्तिगत सोच का भी अभिन्न हिस्सा रही है। इसलिए इस संस्था से जुड़ना उनके लिए सहज और स्वाभाविक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास, युवा नेतृत्व विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे रोटरी क्लब के मूल उद्देश्यों को वे पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाएंगे। वहीं डॉ. राजाराम गुप्ता ने कहा कि भरोसा दिलाया कि वे निश्चित रूप से सबकी अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




