सुपौल : तेल की कीमत बढ़ने की अफवाह से बढ़ी पेट्रोल-डीजल की खरीद
सुपौल में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण तेल की कीमतों में वृद्धि की आशंका के चलते वाहन चालकों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। लोग पेट्रोल पंपों पर पहले से अधिक तेल भरवा रहे हैं, जबकि भीड़भाड़ की स्थिति नहीं है। अफवाहों के बीच प्रशासन ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

सुपौल, कार्यालय संवाददाता। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव व युद्ध की खबरों के बीच तेल कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका व तेल की आपूर्ति में कमी को लेकर फैली अफवाहों का असर अब सुपौल में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि शहर के पेट्रोल पंपों पर पड़ोसी जिलों की तरह भारी भीड़ तो नहीं दिखी, लेकिन पहले की तुलना में तेल भरवाने आने वाले वाहन चालकों की संख्या में बढ़ोतरी जरूर दर्ज की जा रही है। शहर के लोहिया नगर चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मियों ने बताया कि पिछले दो दिनों से ग्राहकों के व्यवहार में बदलाव साफ नजर आ रहा है।
पहले जहां अधिकांश बाइक चालक 100 से 200 रुपये का पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब अधिकतर लोग 500 रुपये या उससे अधिक का तेल डलवा रहे हैं। वहीं आर्थिक रूप से सक्षम 04 चक्का वाहन के मालिक अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा रहे हैं, ताकि संभावित मूल्य वृद्धि से बचा जा सके। शहर के अन्य पेट्रोल पंपों के कर्मियों ने भी इस स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि बीते दो दिनों से पेट्रोल और डीजल की बिक्री में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि फिलहाल पंपों पर भीड़भाड़ की स्थिति नहीं बनी है। कर्मियों का कहना है कि होली के कारण अभी बहुत कम लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिसकी वजह से पंपों पर भीड़ नहीं दिख रही है। लेकिन यदि तेल की कीमतों को लेकर अफवाहें इसी तरह फैलती रहीं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। बता दें फिलहाल प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से कीमतों में तत्काल बढ़ोतरी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अफवाहों के चलते लोग सतर्कता बरतते हुए पहले से अधिक तेल भरवा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


