
शहर के छठ घाट बदहाल, जहां-तहां फैली गंदगी
संक्षेप: त्रिवेणीगंज में छठ महापर्व की तैयारी शुरू हो गई है, लेकिन चिलौनी नदी की स्थिति चिंताजनक है। गंदगी और दुर्गंध से लोग परेशान हैं। नगर परिषद ने घाटों की सफाई और सुविधाओं के लिए उपाय करने का आश्वासन दिया...
त्रिवेणीगंज, निज संवाददाता। लोक आस्था के छठ महापर्व में लगभग दो सप्ताह से कम दिन ही बचे हैं। शहरवासियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। शहर में दो घाट चिलौनी और बघला नदी महत्वपूर्ण हैं, जहां बड़ी संख्या में छठव्रती महिलाएं सूर्य उपासना के लिए आती हैं। खासकर मुख्यालय बाजार से सटा चिलौनी नदी का घाट प्रमुख माना जाता है। रविवार को भी चिलौनी नदी घाट पर जहां-तहां गंदगी पसरी थी। नदी के तल में जंगली घास उग आए हैं। खासकर बाजार के मेन रोड से गुजरने वाली एनएच 327 के दोनों ओर पूर्व में पंचायत योजना से बने नाला का गंदा पानी नदी के दक्षिणी भाग में बहने से उससे निकल रही दुर्गंध से लोग परेशान हैं।

नदी में पड़ा पानी इस कदर काला और बदबूदार हो गया है कि जानवर भी इस पानी को नहीं पीते हैं। अधिकतर आसपास के दुकानदार और घरों के लोग कचरे को इसी नदी में फेंकते हैं। लोगों ने बताया कि चिलौनी नदी कभी त्रिवेणीगंज बाजार की लाइफलाइन मानी जाती थी। 60 और 70 के दशक में मेढ़िया गांव में इस नदी पर मुरलीगंज शाखा नहर को लेकर साइफन का निर्माण करा दिया गया, जिससे यह नदी मृतप्राय जैसी हो गई। छठ के समय नहर से कुछ दिन पहले छोड़ा जाता पानी - मिरजावा एमबीसी नहर फाटक से छठ से दो-तीन दिन पहले सिंचाई विभाग की ओर से पानी छोड़ा जाता है, तब जाकर छठव्रती महिलाएं नदी के जल में खड़ी होकर भगवान सूर्य को अर्ध्य देती हैं। उधर, नप प्रशासन की ओर से बताया गया कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले सभी छठ घाटों को साफ- सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर ली जाएगी और सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया है। बता दें कि चिलौनी नदी पर बने पुल के उत्तर-दक्षिण दिशा के दिनों ओर लगभग आधा किलोमीटर की दूरी में छठव्रती पूजा के लिए आती हैं। बताया गया कि दो से तीन हजार लोग यहां छठ पूजा मनाने के लिए आते हैं। घाट की कराई जाएगी सफाई: नगर परिषद की मुख्य पार्षद संगीता कुमारी यादव ने बताया कि छठ महापर्व के चलते ना केवल छठ घाटों की सफाई होगी, बल्कि हर घाटों पर लाइटिंग, पंडाल लगाने के साथ रास्ते को भी समतल किया जाएगा, जिससे किसी भी छठव्रती और श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो। बताया कि नदी में ज्यादा पानी को लेकर अस्थायी बैरिकेडिंग, घाट पर चेंजिंग रूम भी बनाया जाएगा। माइकिंग के साथ छठव्रतियों हर तरह की सुविधाएं दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




