सुपौल : बनैलीपट्टी पंचायत में पैक्स चुनाव निर्विरोध, परिता देवी बनीं अध्यक्ष
बasantपुर प्रखंड के बनैलीपट्टी पंचायत में पैक्स चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से निर्विरोध संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद सहित 11 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। चुनाव के बाद बीडीओ ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र दिए। अध्यक्ष परिता देवी और अन्य सदस्यों ने किसानों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
वीरपुर, एक संवाददाता। बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत बनैलीपट्टी पंचायत में पैक्स चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से निर्विरोध संपन्न हो गया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद सहित कुल 11 पदों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसन्तपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीपीसी भवन में सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे। अध्यक्ष पद के लिए परिता देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं सदस्य पद के लिए परमेश्वर राम, सत्यनारायण मेहता, मनोरमा देवी, सुनीता देवी, नीरो देवी, रामी सदा, गोपाल प्रसाद गुप्ता, पन्नालाल पासवान एवं अर्जुन शर्मा को निर्विरोध चुना गया।
निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को विधिवत प्रमाण पत्र सौंपा गया। इस मौके पर मधेपुरा से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक भोला पासवान भी मौजूद रहे। उन्होंने पूरी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करते हुए इसे पूर्णत: नियमसंगत, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि पंचायत स्तर पर आपसी सहमति और सहयोग के कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हो सका, जिससे समय और संसाधनों की भी बचत हुई। निर्वाचन के बाद नव-निर्वाचित अध्यक्ष और सदस्यों ने किसानों के हित में कार्य करने, पैक्स को सशक्त बनाने और सभी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद परिसर में खुशी का माहौल रहा। निर्वाचित प्रतिनिधियों और समर्थकों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर तथा रंग-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




