Supaul News: सुपौल : कड़ी सुरक्षा के बीच पैक्स मतदान संपन्न
Supaul News: त्रिवेणीगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदाताओं में उत्साह था, 5,739 में से 43% और 3,124 में से 54% ने मतदान किया। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत थी। चुनाव के परिणामों पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Supaul News: त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के कोरियापट्टी पश्चिम पंचायत एवं नगर परिषद उत्तर पैक्स में कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं,हालांकि जैसे-जैसे दिन ढलता गया,मतदान की गति कुछ धीमी पड़ती गई।
मतदाताओं की संख्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद उत्तर पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए पांच और सदस्य पद के लिए 22 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं। और यहां कुल 5,739 मतदाता पंजीकृत थे,जिनमें से दिन के तीन बजे तक 43 प्रीतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान के लिए कुल नो मतदान केंद्र बनाए गए थे। वहीं कोरियापट्टी पश्चिम पंचायत पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए तीन और सदस्य पद के लिए 12 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे थे। जबकि सदस्य पद के पांच अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। यहाँ कुल 3,124 मतदाता थे।जिनमें से तीन बजे तक 54% मतदाताओं ने मतदान किया। इस पंचायत में पांच मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे।
सुरक्षा व्यवस्था
चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी,जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मतदान प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली। एसडीओ अभिषेक कुमार, एसडिपीओ दिलीप कुमार, बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी प्रमानन्द प्रशाद , सहायक निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार मीनू, बीसीओ सुनील कुमार तथा संबंधित थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते नजर आए। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया और मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही।
मतगणना की तैयारी
गौरतलब है कि दोनों पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए कुल आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों के भाग्य को मतपेटी में बंद कर दिया है। चुनाव के बाद बुधवार की देर संध्या प्रखंड परिसर स्थित स्वच्छता कार्यालय में दोनों पैक्स के लिए मतगणना कराए जाने की तैयारी चल रही थी। मतगणना को लेकर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अब सभी की निगाहें मतगणना के परिणाम पर टिकी हैं। बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी प्रमानन्द प्रशाद ने बताया कि नगर परिषद उत्तर पैक्स में दिन के तीन बजे तक 43 प्रतिशत और कोरियापट्टी पश्चिम पंचायत पैक्स में दिन के तीन बजे तक 54 प्रतिशत मतदान हुआ है。


