सुपौल : रंगों के पर्व पर शांति की अपील, सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर
सुपौल में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए निर्मली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने डीजे पर प्रतिबंध, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। स्थानीय लोगों ने नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई और सख्त कार्रवाई की मांग की।

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को निर्मली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने की। इस दौरान राजस्व अधिकारी शाहिना बेगम सहित जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते सूखे नशे के प्रचलन पर चिंता जताई और इसके खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग उठाई। साथ ही विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले होलिका दहन कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आयोजकों को निर्धारित स्थल पर ही कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया। थानाध्यक्ष ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जगरनाथ कामत, विष्णुदेव महतो सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



