Supaul News: सुपौल : अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों की नियमित उपस्थिति पर दिया गया जोर
Supaul News: त्रिवेणीगंज में सरस्वती विद्या निकेतन में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। एसडीएम अभिषेक कुमार ने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। संगोष्ठी में पढ़ाई, उपस्थिति और गृहकार्य पर चर्चा की गई। विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया।
Supaul News: त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) उच्च विद्यालय, त्रिवेणीगंज में बुधवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने की। कार्यक्रम में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार और प्रभारी प्रधानाध्यापक बद्रीनारायण रौशन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राजेश कुमार ने किया। एसडीएम और बीईओ के विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। संगोष्ठी में छात्रों की सिलेबस के अनुसार पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, साप्ताहिक टेस्ट, गृहकार्य का पालन और बच्चों की शिक्षा के प्रति अभिभावकों की जिम्मेदारी समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभिभावकों की उपस्थिति पर नाराजगी
हालांकि, संगोष्ठी में गिने-चुने अभिभावकों की उपस्थिति पर एसडीएम और प्रभारी बीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में आयोजित होने वाली ऐसी संगोष्ठियों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। आगामी संगोष्ठियों में अधिक से अधिक अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। एसडीएम अभिषेक कुमार ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी मदद मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को समय पर और नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी है। नियमित उपस्थिति से बच्चे पढ़ाई को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
अभिभावकों की ज़िम्मेदारी
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। अभिभावक बच्चों की पढ़ाई को केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं समझें। घर में भी पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल बनाएं। बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में बातचीत करें और किसी प्रकार की परेशानी होने पर शिक्षकों से संवाद करें। शिक्षकों ने भी कहा कि बच्चों की शैक्षणिक सफलता में विद्यालय के साथ अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग करने, उन्हें नियमित विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है, ताकि बच्चे लगातार शिक्षा की राह पर आगे बढ़ते रहें। इसके बाद एसडीएम अभिषेक कुमार और प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार ने विद्यालय में भौतिकी विज्ञान और रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोगशाला में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। साथ ही छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट का अवलोकन किया और उन्हें प्रोजेक्ट को और बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। मौके पर शिक्षक विकास कुमार, अरुण कुमार, संजय कुमार, विक्टर विजय कुमार, आरके पांडेय, निभा कुमारी, शिप्रा रानी समेत अन्य शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


