सुपौल : पैसे के लेन-देन में विवाद, चाचा ने पंजाब में कर दी भतीजे की हत्या
संक्षेप: बलुआ बाजार में एक चाचा ने पैसे के लेन-देन के विवाद में अपने भतीजे सूरज कुमार की हत्या कर दी। सूरज, जो पंजाब में अपने चाचा के पास मजदूरी कर रहा था, पिछले तीन दिनों से विवाद में था। चाचा ने हत्या के बाद...

बलुआ बाजार, एक संवाददाता। पैसे के लेन-देन के विवाद में चाचा ने पंजाब में अपने पास मजदूरी कर रहे भतीजे की हत्या कर दी। मृतक छातापुर प्रखंड क्षेत्र की लक्ष्मीनिया पंचायत स्थित महादेवपट्टी वार्ड चार निवासी छोटेलाल राम का 17 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार था। वह पंजाब में अपने चाचा सुनील राम के पास रहकर मजदूरी करता था। घटना को लेकर मृतक की मां अनिला देवी ने बताया कि उनके भैंसुर सुनील राम बेटे सूरज को पंजाब में काम कराने का हवाला देकर छह माह पूर्व साथ ले गया था। बीते तीन दिनों से पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद हो रहा था।
इस कारण भैंसुर सुनील राम ने उनके बेटे की हत्या कर दी। अनिला देवी ने बताया कि दो दिन से बेटे सूरज से उनकी बात भी नहीं हो पा रही थी। बुधवार रात को फोन के माध्यम से किसी ने सूचना दी कि बेटे की हत्या कर दी गई है। वहीं पंजाब पुलिस ने केस दर्ज कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। इधर, मृतक सूरज के मामा भगवानपुर निवासी दुर्गानंद राम ने कहा कि सूरज के पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इस कारण वह काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में सूरज ही मजदूरी कर परिवार चला रहा था। जबकि चाचा सुनील राम से पूर्व से ही संपत्ति बंटवारा को लेकर विवाद चल रहा था। चाचा ने संपत्ति हड़पने की मंशा से ही सूरज की हत्या कर दी है। घटना के एक दिन पूर्व ही सुनील राम की पत्नी और बेटा घर छोड़कर यहां से फरार है। दुर्गानंद ने कहा कि सूरज की एक छोटी बहन शिवानी कुमारी (14) और चचेरा भाई सुभाष कुमार (10) घर पर ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि फोटो में शव देखकर लग रहा है कि हत्या कर सूरज के शव को जलाने का प्रयास किया गया है। इधर, सूरज की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बहन शिवानी कुमारी बार-बार बेहोश हो जा रही है, जबकि भाई सुभाष का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, सूरज के घर परिजनों को सात्वना देने पहुंचे पूर्व मुखिया शमशुल होदा, समाजसेवी रौशन झा, शशिभूषण सिंह, अजय सरदार व रंजन कुमार मुखिया आदि ने सूरज के साथ हुई घटना को रिश्तों को कलंकित और मानवता को शर्मसार करने वाली बताया है। उन्होंने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही परिजनों को पंचायत स्तर से हरसंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया है। इधर, घटना को लेकर ललितग्राम थानाध्यक्ष संजना कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पंजाब पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




