सुपौल : भारत-नेपाल सीमा सील, सीमावर्ती भारतीय बाजार का दो करोड़ का कारोबार प्रभावित
कुनौली बाजार में नेपाल के विद्रोह के बाद सन्नाटा है। एसएसबी ने सीमाओं को बंद कर दिया है, जिससे भारतीय बाजार पर 85% कारोबार प्रभावित हुआ है। नेपाल से रोजमर्रा की खरीदारी करने वाले ग्राहक अब नहीं आ रहे...

कुनौली, निज प्रतिनिधि। पड़ोसी देश नेपाल के लोगों की भीड़-भाड़ से गतिमान रहने वाले कुनौली बाजार में सन्नाटा पसरा है। बीते आठ सितम्बर को नेपाल में हुए विद्रोह के बाद एसएसबी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भारतीय सीमा सील कर दी है। नेपाल में राजनीतिक तख्तापलट व आगजनी तथा विद्रोह को लेकर सीमा से पूरी तरह आवागमन पर रोक लगा दी गयी है। भारतीय भाग में चुनाव की वजह से भारत-नेपाल की खुली सीमा और सीमा पर स्थित गांव और बाजारों में वीरानी छाई है। भारतीय क्षेत्र में एसएसबी जवान तैनात हैं। सीमा पर आवागमन ठप होने से भारतीय सीमा क्षेत्र के कुनौली बाजार में करीब 85 प्रतिशत कारोबार पर व्यापक प्रभाव पड़ा है।
इस बाबत कुनौली बाजार के कपड़ा व्यवसायी सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि नेपाल में हो रहे हिंसक तनाव से के कारण सीमा स्थित भारतीय बाजार का 85 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है। दरअसल, यह बाजार नेपाल के लोगों पर ही निर्भर है। रेडीमेड कपड़ा के व्यवसायी चंदन कुमार, मोबाइल कारोबारी दीपक कुमार, दवा व्यवसायी पप्पू कुमार व किराना दुकानदार आत्माराम गुप्ता ने बताया कि सीमावर्ती नेपाल के सप्तरी और सुनसरी जिले के 65 से 70 गांवों से हजारों की संख्या में लोग रोजमर्रा की सामग्री की खरीदारी को लेकर इस बाजार में आते हैं। वहीं किराना दुकानदार राजीव कुमार ने बताया कि सुबह से एक भी ग्राहक नहीं आया है। अधिकांश दुकानें बंद हैं। जबकि मुख्य सड़क पर जो दुकानें खुली भी हैं, उनपर खरीदार अब नेपाली ग्राहक नहीं हैं। जिससे बाजार की रौनक खत्म हो गई है। नेपाल में बढ़ते तनाव से भारतीय क्षेत्र के कुनौली बाजार में लगभग 2 करोड़ से अधिक के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




