
सुपौल : जदिया में सड़क किनारे खड़ी खाली यात्री बस धू-धूकर जली
जदिया में हाई स्कूल के पास खड़ी गंगा ट्रेवल्स की एक खाली यात्री बस में रहस्यमय तरीके से आग लग गई। यह घटना शुक्रवार की रात दो बजे हुई। बस में कोई भी यात्री या स्टाफ मौजूद नहीं था। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट या जानबूझकर आग लगाने का संदेह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जदिया, निज संवाददाता। जदिया त्रिवेणीगंज एन एच 327 ई मुख्य मार्ग में हाई स्कूल जदिया के पास सड़क किनारे खड़ी एक खाली यात्री बस ( गंगा ट्रेवल्स ) में रहस्यमय तरीके से आग लग गई, जिससे वह बस जल गई। ये वारदात शुक्रवार की देर रात दो बजे के करीब की बताई जाती है। बस के हालात देखकर लोगों में सस्पेंस बरकरार है कि आखिर यह बस स्वयं जली या किसी सिरफिरे द्वारा जला दी गई है। इस संबंध में बताया जाता है कि उक्त यात्री बस सुपौल से जदिया अररिया की ओर रोजाना चलती थी तथा डेली ड्राइवर रात के वक्त वहां खड़ी कर देता था।
रोजाना की तरह शुक्रवार को ड्राइवर कटैया लाल पट्टी निवासी चंदेश्वरी मंडल वहां बस को खड़ी कर शादी समारोह में निकल गया।बस पर कोई भी स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था। बताया जाता है कि देर रात को हुए इस भीषण बस अग्नि कांड की जानकारी आस-पास के ग्रामीणों को मिली तो आग की लपटों को देख अफ़रा-तफ़री मच गई। बाद में इसकी सूचना पुलिस एवं दमकल विभाग को दिया गया।जब तक पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया तब तक बस जलकर खाक हो गई।गनीमत यह रही कि उक्त बस में ना तो कोई स्टाफ था और ना ही कोई यात्री। बस के जले हुए हालातों ने पुलिस के समक्ष क ई सवालों को खड़ा कर दिया है। जानकारों की मानें तो या तो किसी ने आग लगाई,या बस के अंदर वायरिंग से शार्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि जहां बस खड़ी थी वहां बस के उपर से 11 हजार हाई वोल्टेज विद्युत तार भी गुजरा है लेकिन बस और तार के बीच काफी दूरी है। बस के जले हालात बता रहे हैं कि आग की शुरुआत ड्राइवर सीट के पास सामने से शुरू हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नंद किशोर नंदन ने पुष्टि करते हुए हुए बताया कि फिलहाल इस मामले में आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस घटना के बाद से ही इस हैरतअंगेज मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




