सुपौल : अब हर माह होगी आशा के कार्यों की समीक्षा
सुपौल में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हर महीने आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत, आशा कार्यकर्ताओं को एम-आशा एप्लिकेशन पर महिलाओं का डेटा भरना होगा। अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने वाली आशा कार्यकर्ताओं को पुरस्कार भी मिलेगा।

सुपौल, वरीय संवाददाता। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किये जाने को लेकर अब हर महीने आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के क्रम में यह देखा जाएगा कि किस इलाके में कितनी आशा कार्यकर्ताओं ने बेहतर तरीके से प्रसूता समेत अन्य महिलाओं को स्वास्थ्य सेवा प्रदान कराने में भूमिका निभाई। इतना ही नहीं राज्य मुख्यालय से आशा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में किये गए कार्यों की मॉनिटरिंग भी की जाएगी। दरअसल, मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिये जाने तथा उसके विकास को लेकर यह पहल की गई है।
इसके माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं को हाईटेक बनाने व स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल किया जाएगा। गौरतलब है कि सभी आशा कार्यकर्ताओं को अब मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन के अंतर्गत संचालित भाव्या एम-आशा एप्लिकेशन पर सेवा प्रदान की गई महिलाओं का डाटा भरना है। जो आशा ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य सेवा से महिलाओं को जोड़ेंगी और उन्हें इसका लाभ दिलाएंगी, उन्हें जिला स्तर पर पुरस्कृत भी किये जाने की योजना है। इस बाबत उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन के अंतर्गत संचालित भाव्या एम-आशा एप्लिकेशन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिले की सभी आशा कार्यकर्ताओं को एम-आशा एप्लिकेशन पर सक्रिय एवं नियमित रूप से कार्य करने का डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया है। साथ ही हर महीने एम आशा से संबंधित समीक्षात्मक बैठक किये जाने का निर्देश भी डीडीसी ने दिया है। डीडीसी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि बैठक में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा सके। इस बाबत डीडीसी के कार्यालय वेश्म में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम प्रबंधक सह जिला योजना समन्वयक बालकृष्ण चौधरी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक अभिषेक कुमार, जिला समन्वयक अभिषेक कुमार सिंह एवं जिले के सभी प्रखंडों के सामुदायिक उत्प्रेरक भी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




