Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsMassive Fire in Chhattupatti Village Destroys Homes of 12 Families
छत्तुपट्टी में लगी आग, 12 परिवारों के डेढ़ दर्जन घर राख

छत्तुपट्टी में लगी आग, 12 परिवारों के डेढ़ दर्जन घर राख

संक्षेप:

किशनपुर के छत्तुपट्टी गांव में शुक्रवार को भीषण अगलगी हुई। अलाव की चिंगारी से लगी आग ने 12 परिवारों के डेढ़ दर्जन घरों को जलाकर खाक कर दिया। लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। सरकार ने राहत सामग्री देने का आश्वासन दिया है।

Jan 18, 2026 01:43 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

किशनपुर, एक संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत सुखासन पंचायत के वार्ड 18 स्थित छत्तुपट्टी गांव में शुक्रवार दोपहर भीषण अगलगी की घटना हुई है। बताया जाता है कि अलाव की चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मोहल्ले को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें करीब 12 परिवारों के डेढ़ दर्जन से अधिक घर जलकर खाक हो गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति नुकसान बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि रेखा देवी पति शशी कामत, अमर कामत पिता डोमी कामत, जागेश्वर कामत पिता भोचो कामत, अशोक कामत पिता बालेश्वर कामत, संतोष कामत पिता बालेश्वर कामत सहित एक दर्जन परिवारों के घर पलभर में जलकर राख हो गए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

आग में कपड़ा, बर्तन, अनाज, घर के कागजात समेत जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। दुर्घटना में पशुधन का भी बड़ा नुकसान हुआ है। संतोष कामत का एक मवेशी आग में झुलसकर मौत के मुंह में समा गया, जबकि अशोक कामत का एक बाछा गंभीर रूप से झुलस गया। इस संबंध में पशु चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि मृत मवेशी का पोस्टमार्टम किया गया है और घायल बाछे का उपचार जारी है। अगलगी की इस घटना से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व प्रमुख सूर्यनारायण प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और सभी पीड़ित परिवारों को कंबल और तत्काल राहत सामग्री दी। साथ ही सरकार द्वारा मिलने वाली लाभ दिलाने की भरोसा दिलाया। मौके पर महिंद्र प्रसाद यादव, सातो मेहता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस बाबत सीओ सुशीला कुमारी ने बताया कि वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुकी हैं। तत्काल राहत के रूप में पांच परिवारों को कंबल व पॉलिथीन दी गई है, जबकि शेष परिवारों को जल्द ही सरकारी लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।