2558 बोतल प्रतिबंधित कफ सीरप बरामद
त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में डीआईयू ने रविवार रात नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2558 बोतलें कफ सिरप की बरामद की। यह खेप अवैध बिक्री के लिए संग्रहित की गई थी। पुलिस ने मनोज सरदार को गिरफ्तार किया। तस्कर ने इसे मवेशियों के चारे के नीचे छिपा रखा था।
त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस की डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट (डीआईयू) ने रविवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीनयुक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर डीआईयू सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर शाम त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड 9 में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित कफ सिरप की कुल 2558 बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल 100 एमएल की है, जिससे कुल मात्रा लगभग 255.8 लीटर बताई गई है।
सभी कफ सिरप 19 कार्टूनों में पैक कर अवैध बिक्री के उद्देश्य से संग्रहित की गई थी। पुलिस ने मौके से सोगानंद सरदार के पुत्र मनोज सरदार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप जिले के अलावा सीमावर्ती इलाकों में खपाने की तैयारी थी। डीआईयू सेल को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। चौंकाने वाली बात यह रही कि तस्कर ने कफ सिरप की खेप को अपने घर में मवेशियों के चारे (भूसा) के नीचे छिपाकर रखा था। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी पहले से स्थानीय थाना पुलिस को नहीं थी। डीआईयू सेल द्वारा छापेमारी और बरामदगी के बाद स्थानीय थाना को सूचना दी गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




