
सुपौल : बोलेरो से 451 किलो गांजा बरामद, अररिया के दो तस्कर गिरफ्तार
सुपौल पुलिस ने राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमाही गोल चौक से 451 किलो गांजा लदे बोलेरो को पकड़ा। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक विशेष टीम द्वारा की गई थी, जो नशीले पदार्थों के खिलाफ काम कर रही थी। गांजा की तस्करी नेपाल से की जा रही थी।
सुपौल/राघोपुर, हिन्दुस्तान टीम। सुपौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमाही गोल चौक से गांजा लदे बोलेरो को पकड़ा। तलाशी लेने पर बोलेरो से 13 प्लास्टिक की बोरियों में पैक किया हुआ 451 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसका खुलासा एसपी सरथ आरएस ने रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। एसपी ने बताया कि नशीले पदार्थों के खिलाफ वीरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के नेतृत्व में यह कामयाबी मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस को रविवार अल सुबह सूचना मिली कि गांजा की बड़ी खेप जिले से होकर गुजरने वाली है।
सूचना पर विशेष टीम के अलावा कई थानों को अलर्ट किया गया। थाना क्षेत्र में सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इस बीच रविवार सुबह करीब 6 बजे भीमपुर की तरफ से उजले रंग की बोलेरो बीआर 37 पी 3853 तेज रफ्तार में आता दिखा। सिमराही गोल चौक पर वाहन चेकिंग कर रहे राघोपुर पुलिस ने बोलेरो को रूकने का इशारा किया। लेकिन बोलेरो चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा। पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन की अगली सीट पर दो लोग बैठा हुआ था। पुलिस वहां पहुंची और लोड बोलेरो को देखा। प्लास्टिक की बोरियों में जवानों ने झांककर देखा तो प्रथमदृष्टया बोरियों में गांजा होने की आशंका हुई। इसके बाद गांजा लदे पिकअप को थाना लाया गया। वहां दंडाधिकारी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई तो एक के बाद एक 13 बोरियों से 451 किलो गांजा बरामद हुआ। मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े अररिया जिले के हरियाबारा वार्ड 7 निवासी मो. आजिर, अररिया के ही घुरना थाना के नरहुआ पतराहा वार्ड 4 निवासी आलम खं व वाहन मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ राघोपुर थाना में केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। एसपी ने बताया कि पड़ोसी राज्य नेपाल से गांजा की तस्करी कर थोक में बेचने की तैयारी थी। इससे पहले ही उसे जब्त कर लिया गया। एसपी शरथ आरएस ने बताया कि रविवार अल सुगह गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद जिले की पुलिस अलर्ट हो गई। सघन वाहन चेकिंग के बाद महज दो घंटे बाद ही गांजा लदा बोलेरो पकड़ा गया। प्रेस कांफ्रेंस में एसपी के अलावा वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित राय, ललितग्राम थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी, प्रजापगंज थानाध्यक्ष सहित अन्य मौजूद थे। जानकारों की मानें तो बरामद गांजा का बाजार मूल्य 1 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। एसपी के मुताबिक भारी मात्रा में गांजा बरामदगी मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है। गांजा तस्कर गिरोह का पता लगाया जा रहा है। गिरोह में में कौन-कौन शामिल है, गांजा कहां लोड हुआ था और इसे कहां अनलोड करना था। इसका पता लगाकर तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अग्रतर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की जा रही है। उधर, सूत्रों की मानें तो बीते कई दिनों से नेपाल से गांजा की खेप टुकड़ियों में लाकर अररिया जिले के घुरना बॉर्डर से सटे भारतीय प्रभाग में जमा किया गया था। इसके बाद उसे बोलेरो पर लोड कर थोक विक्रेताओं के पास पहुंचाना था। लेकिन इससे पहले पुलिस को इसकी भनक लग गई और तस्करों के पास पहुंचने से पहले ही जिले की पुलिस अलर्ट हो गई और गांजा लदे पिकअप वैन को पकड़ लिया। एसपी के मुताबिक जब्त बोलेरा वाहन बीआर 37 पी 3853 किशनगंज जिले के किसी व्यक्ति के नाम से रजिस्टर्ड है। वाहन मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि अररिया के घुरना बॉर्डर इलाके से ही सिंडिकेट के जरिए गांजा की खेप आई थी और अररिया से भपटियाही में किसी स्टॉकिस्ट के पास बोलेरो से माल खाली होना था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




