सुपौल : मक्का की फसल पर टूटा इल्ली कीट का कहर, परेशान हैं किसान

Apr 05, 2026 11:10 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share

त्रिवेणीगंज में, किसानों की मक्का फसल मौसम के बदलाव और कीट प्रकोप से प्रभावित हो रही है। इल्ली कीट ने फसल को गंभीर नुकसान पहुँचाया है। किसानों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, क्योंकि फसल नष्ट होने की कगार पर है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और मुआवजे की आवश्यकता है।

सुपौल : मक्का की फसल पर टूटा इल्ली कीट का कहर, परेशान हैं किसान

त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। कोसी-सीमांचल क्षेत्र के किसानों की मुख्य नकदी फसल के रूप में शुमार मक्का इन दिनों प्रकृति और मौसमी गंभीर संकट से जूझ रही है। मौसम में अचानक आए बदलाव,आंधी तूफान के कारण बर्बाद हो चुके मक्का की फसल पर इल्ली नामक कीट का व्यापक प्रकोप देखा जा रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों के अनुसार, इल्ली नामक कीट मक्का के पौधों के तने और भुट्टे (गाभा) को नुकसान पहुंचा रहा है। कई क्षेत्रों में फसल सूखने लगी है, जबकि कई खेतों में पूरी फसल नष्ट होने की कगार पर है। समय रहते नियंत्रण नहीं होने पर किसानों को भारी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ सकती है।

अनुमंडल के दपरखा, मचहा, पिलुआहा, हरिहरपट्टी, ओरलाहा, गोनहा, सिमरिया, छातापुर, रामपुर झखड़गढ़, चुन्नी, सोहटा, जड़िया, बघेली सहित अनुमंडल की दर्जनों पंचायतों में यह समस्या तेजी से फैल रही है। दिन-रात खेतों में मेहनत करने वाले किसान अब स्वयं को असहाय व लाचार महसूस कर रहे हैं। दपरखा गांव के किसान पिंकू मंडल, राजेंद्र यादव, दीपनारायण यादव, राजकुमार साह, डोमी ठाकुर, सुनील कुमार, मिथुन सरदार, मुन्ना भगत, भूपेंद्र यादव, रमेश साह सहित अन्य किसानों ने बताया कि बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर भारी लागत लगाने के बावजूद कीट प्रकोप ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। किसानों का कहना है कि उन्होंने ब्रांडेड कंपनियों की दवाइयों से लेकर स्थानीय बाजार में उपलब्ध विभिन्न कीटनाशकों का छिड़काव किया, कृषि दुकानदारों की सलाह भी ली, लेकिन इल्ली पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका। इससे उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कृषि विभाग की टीम द्वारा शीघ्र सर्वे कर उचित तकनीकी सलाह और प्रभावी दवाइयों की व्यवस्था नहीं की गई, तो मक्का उत्पादन को भारी नुकसान होगा। किसानों ने राहत पैकेज, मुआवजा और स्थायी कीट नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की माँग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।