Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsLocal Villagers Attack Police While Arresting Drunk Panchayat Head in Pipra
सुपौल : नशे में पकड़ाए मुखिया के बचाव में ग्रामीणों ने पुलिस से की मारपीट

सुपौल : नशे में पकड़ाए मुखिया के बचाव में ग्रामीणों ने पुलिस से की मारपीट

संक्षेप: पिपरा थाना क्षेत्र के थुम्हा पंचायत के मुखिया दिनेश चौधरी को नशे में पकड़ने गई उत्पाद पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने मारपीट की। घटना में दो पुलिस गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। पिपरा पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें भी खदेड़ दिया।

Thu, 13 Nov 2025 11:06 PMNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

पिपरा, एक संवाददाता। नशे में पकड़ाए पिपरा थाना क्षेत्र की थुम्हा पंचायत के मुखिया दिनेश चौधरी को पकड़ने गई उत्पाद पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने मारपीट की। घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे की है। स्थानीय लोगों ने सिर्फ उत्पाद पुलिस के साथ मारपीट की, बल्कि विभागीय दो गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पिपरा पुलिस को भी लोगों ने मौके से खदेड़ दिया। विधानसभा चुनाव की मतगणना शुक्रवार को होनी है। इस बीच अपने चहेते प्रत्याशियों की जीत से पूर्व ही इलाके में जीत का जश्न मनाया जाने लगा। इस क्रम में पिपरा थाना क्षेत्र की थुम्हा पंचायत के मुखिया दिनेश चौधरी भी जश्न में शामिल थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस बीच मुखिया समेत वहां दर्जनों लोगों के शराब पार्टी किये जाने की सूचना उत्पाद विभाग को मिली। उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नशे में धुत मुखिया को लेकर जाने लगी। इस बीच वहां मौजूद दर्जनों स्थानीय लोगों ने उत्पाद विभाग की पुलिस के साथ मारपीट शुरू कर दी। लोग किसी भी कीमत पर पुलिस को मुखिया को अपने साथ नहीं ले जाने देना चाह रहे थे। जब उत्पाद विभाग की पुलिस ने जोर दिखाया तो विभागीय दो वाहनों को आक्रोशित लोगों ने चकनाचूर कर दिया। इस बीच घटना की सूचना पिपरा पुलिस को भी मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पिपरा पुलिस ने जब मुखिया को थाने ले जाना चाहा तो स्थानीय लोगों ने पिपरा थाने की पुलिस को भी वहां से खदेड़ दिया। इधर, घटना को लेकर उत्पाद अधीक्षक रंधीर कुमार सिंह ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम रेड करने निकली थी। शराब के नशे में मुखिया दिनेश चौधरी के पकड़ाने की सूचना मिली। इतने में मुखिया के समर्थन में कुछ ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोल दिया। इसमें उत्पाद विभाग की दो गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। फिलहाल मामले की तहकीकात की जा रही है। मैं खुद घटनास्थल पर जा रहा हूं। घटनास्थल पर जांच के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।