
सुपौल : मुहल्लों में जलजमाव, जाम और गंदगी पर जनता नाराज, स्थानीय मुद्दों को मिले तरजीह
त्रिवेणीगंज के डपरखा कोशी कॉलोनी में विधानसभा चुनाव की चर्चा में स्थानीय मुद्दे जैसे जलजमाव, जाम और अतिक्रमण की समस्या प्रमुख हैं। लोगों का कहना है कि नेता केवल वादे करते हैं, जबकि समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इस बार जनता उन्हीं उम्मीदवारों को समर्थन देने का विचार कर रही है जो स्थानीय समस्याओं का समाधान करेंगे।
त्रिवेणीगंज, निज संवाददाता। त्रिवेणीगंज के नप क्षेत्र के डपरखा कोशी कॉलोनी चौक पर विधानसभा चुनाव की चर्चा जोरों पर है। लेकिन लोगों का कहना है कि नेता किसी भी दल के हों, स्थानीय मुद्दों को अब तक चुनावी एजेंडे में जगह नहीं मिलती। कमोबेश नुक्कड़ और चाय की दुकानों पर जलजमाव, जाम, अतिक्रमण और गंदगी सबसे बड़ा विषय बने हुए हैं। डपरखा के बुजुर्ग रामजी यादव ने कहा, हर चुनाव में बड़े-बड़े वादे होते हैं, पर सड़कों और नालों की समस्या जस की तस है। नेता सिर्फ भाषण देते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। दुकानदार गोपेश का कहना था कि विकास की शुरुआत स्थानीय समस्याओं के समाधान से होती है, इन्हें एजेंडे में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

लोगों ने बताया कि अतिक्रमण और ठेला-ठेले वालों के कारण जाम आम बात हो गई है। राजीव कुमार ने कहा, “फोरलेन सड़क भी जाम से संकरी हो गई है, मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।चिलौनी मोहल्ला निवासी रौशन कुमार ने बताया कि सड़क किनारे दुकानों और ठेलों से पैदल चलना भी मुश्किल है। पुलिस आती है, लेकिन कुछ देर बाद हालात फिर वैसे ही हो जाते हैं। जलजमाव की समस्या पर भी लोग बेहद नाराज़ दिखे। अभिषेक कुमार ने कहा, थोड़ी सी बारिश में पूरा इलाका तालाब बन जाता है, पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। युवा मतदाता संतोष कुमार ने जोड़ा, कई बार आवेदन देने के बावजूद नाला नहीं बना, विकास की बातें कागज़ों तक सीमित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार जनता उन्हीं उम्मीदवारों का समर्थन करेगी जो इलाके की वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता देंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




