सुपौल : अनुमंडलीय अस्पताल का सांसद ने किया निरीक्षण
जदयू सांसद दिलेश्वर कामत ने त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति और दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लिया। सांसद ने मरीजों से बातचीत की और अस्पताल की स्थिति को संतोषजनक बताया, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को गंभीर समस्या बताया।

त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। जदयू सांसद दिलेश्वर कामत ने गुरुवार को त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में सांसद ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आउटडोर एवं इनडोर दोनों स्थानों पर मौजूद पाए गए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर दवा एवं भोजन की उपलब्धता की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय पर दवा और भोजन मिल रहा है। सांसद ने अस्पताल में उपलब्ध जीवन रक्षक दवाइयों की भी जांच की।
उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाइयों की कोई गंभीर कमी नहीं है, हालांकि कुछ दवाइयों की कमी है। इस संबंध में सिविल सर्जन से बात की गई है। सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया है कि मांग प्राप्त होते ही सारी दवाइयों की आपूर्ति कर दी जाएगी। सांसद दिलेश्वर कामत ने अस्पताल की समग्र स्थिति को संतोषजनक बताया, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के अभाव में अस्पताल के कई बेड खाली पड़े रहते हैं, जिससे मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पाता है। मरीजों के अधिक रेफर किए जाने के सवाल पर सांसद ने बताया कि हाल की जिला स्तरीय बैठक में इस मुद्दे को जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया है। विशेषकर प्रसव मामलों में अनावश्यक रेफर पर चिंता जताई गई है। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पूर्व विधायक सोनम रानी एवं एसडीएम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त किया गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




