Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsIntermediate Exams in Supaul 38 Centers Established Strict Surveillance and Entry Regulations
सुपौल : जिले के 38 केंद्रों पर दो से इंटर की परीक्षा देंगे 23485 परीक्षार्थी

सुपौल : जिले के 38 केंद्रों पर दो से इंटर की परीक्षा देंगे 23485 परीक्षार्थी

संक्षेप:

सुपौल में दो फरवरी से इंटरमीडिएट की सैद्धांतिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने 38 परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था की है, जिनमें 23485 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर कदाचारमुक्त माहौल सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।

Jan 28, 2026 10:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

सुपौल, वरीय संवाददाता। दो फरवरी से आयोजित इंटरमीडिएट की सैद्धांतिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है। इसके तहत जिलेभर में 38 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सुपौल अनुमंडल में 23 केंद्र हैं। इनमें 17 केंद्र सिर्फ छात्रों के लिए तो छह केंद्र छात्राओं के लिए बनाए गए हैं। वीरपुर में कुल सात केंद्र हैं और सभी छात्रों के लिए ही हैं। वहीं त्रिवेणीगंज में कुल पांच केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें छात्राएं परीक्षा देंगी। इसके अलावा निर्मली अनुमंडल में परीक्षा के लिए बनाए गए कुल तीन केंद्रों पर छात्राएं ही शामिल होंगी।

गौरतलब है कि इस बार जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 23485 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 11628 छात्र तो 11887 छात्राएं हैं। इधर, जिले के सभी चार अनुमंडलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा के आयोजन को लेकर मजिस्ट्रेट की तैनाती भी कर दी गई है। जारी संयुक्त आदेश के अनुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र के वरीय स्टैटिक दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारियों के बीच रोज परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार कमरों का विभाजन करेंगे। वहीं स्टैटिक दंडाधिकारी परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की तलाशी लेकर व प्रवेश पत्र की जांच करने के बाद ही उन्हें केंद्र के भीतर प्रवेश देंगे। वहीं महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए महिला कर्मी व महिला पुलिस की तैनाती रहेगी। इसके लिए छात्राओं के केंद्रों पर मुख्य द्वार के समीप ही कपड़े का अस्थायी घेरानुमा जांच घर भी तैयार किया जाएगा, जहां उनकी तलाशी ली जाएगी। इसके अलावा परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। यानी पहली पाली में सुबह नौ बजे तक ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दूसरी पाली में दोपहर 1.30 बजे तक ही परीक्षार्थी केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं परीक्षार्थियों के लिए इस बार भी जूता-मोजा पहनकर केंद्र में प्रवेश करने पर मनाही रहेगी। जबकि केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मोबाइल-ब्लूटूथ, मैग्नेटिक वाच-इलेक्ट्रॉनिक वॉच या स्मार्ट वॉच या फिर चिट-पुर्जा ले जाने पर पूर्णत: रोक रहेगी। खास यह है कि पिछली परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने देरी से केंद्र पहुंचने के बाद परीक्षार्थियों द्वारा चहारदीवारी फांदकर या फिर गेट पर जबरदस्ती या अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास किये जाने पर इसे आपराधिक कृत्य मानते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही ऐसे परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित करते हुए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जारी आदेश के अनुसार सभी केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। पांच सौ परीक्षार्थियों की संख्या पर सभी केंद्रों पर एक वीडियोग्राफर की व्यवस्था रहेगी। जबकि पांच सौ परीक्षार्थियों की संख्या वाले केंद्रों पर दो तथा पांच सौ से अधिक परीक्षार्थियों की संख्या वाले केंद्रों पर तीन-तीन सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था से बचा जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;