Supaul News: सुपौल : एसडीएम ने अनुमंडलीय अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
Supaul News: त्रिवेणीगंज में डीएम के निर्देश पर एसडीएम अभिषेक कुमार ने अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव दिए गए, और रोगी कल्याण समिति की बैठक में निर्णय लिए जाने की बात भी कही गई।

Supaul News: त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। डीएम के निर्देश पर एसडीएम अभिषेक कुमार ने शुक्रवार को अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, संसाधनों और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों और कर्मियों से जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि डीएम के निर्देश पर अस्पताल का निरीक्षण किया गया है। साथ ही रोगी कल्याण समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी ली गई। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न बिंदुओं को सोमवार को होने वाली रोगी कल्याण समिति की बैठक में रखा जाएगा। बैठक में आवश्यक निर्णय लेकर उनके क्रियान्वयन की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने आरकेएस के माध्यम से लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल की आवश्यकताओं के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।


