
सुपौल : हाईस्कूल के निरीक्षण व समीक्षा में मिली कमियां दूर कर बेहतर बनाएं पठन-पाठन : डीईओ
सुपौल जिले के हाईस्कूल के संचालन की कमियों को दूर करने की पहल शुरू की गई है। 18 जनवरी को एचएम की बैठक बुलाई गई है, जिसमें पहले दिन सुपौल और निर्मली अनुमंडल के हाईस्कूल की समीक्षा की गई। डीईओ ने सभी एचएम को निर्देश दिए हैं कि वे बैठक से पूर्व तैयारी करें।
सुपौल, एक संवाददाता। जिले के हाईस्कूल के संचालन की कमियों को दूर करने की पहल शुरू हुई है। कोशी प्रमंडल के क्षेत्रीय उपनिदेशक (आरडीडीई) अमित कुमार ने पत्र जारी कर 18 जनवरी को हाईस्कूल के एचएम की बैठक बुलाई है। बैठक में एचएम को कई बिंदुओं की पूर्व तैयारी कर आने का निर्देश दिया गया है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने विलियम्स स्कूल के सभागार में शनिवार को एचएम के साथ समीक्षा बैठक की। पहले दिन सुपौल और निर्मली अनुमंडल के हाईस्कूल के संचालन की समीक्षा की गई। जबकि 12 जनवरी को डीईओ वीरपुर और त्रिवेणीगंज अनुमंडल के हाईस्कूल के संचालन की समीक्षा करेंगे।
बैठक में प्रभार हस्तांतरण से सबंधित जानकारी ली गई। स्कूल प्रबंध समिति का गठन और बैठक की जानकारी मांगी गई। डीईओ संग्राम सिंह ने एचएम को आरडीडीई की बैठक से पूर्व सभी बिंदुओं की तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल के निरीक्षण व समीक्षा के दौरान कमियां पाई गई है। इसे जल्द दूर करना होगा। हाईस्कूल में पठन-पाठन की स्थिति को बेहतर बनाना होगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले एचएम और शिक्षक को चिन्हित कर विभागीय नियमानुसार कार्रवाई होगी। बैठक में डीपीओ प्रवीण कुमार, स्टेनो मो. सरवर आलम सहित सभी हाईस्कूल के एचएम मौजूद रहे। जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने स्कूल प्रभार से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन, लंबित स्कूल प्रबंध समिति का गठन और गठित प्रबंध समिति के बैठक की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्कूल में अध्यापन की स्थिति और स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा की। बैठक में स्कूल अभिलेख संधारण की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली गई। स्कूल में कृषि योग्य भूमि का डाक और उक्त मद में प्राप्त राशि के संधारण की अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी गई। स्कूल में विषयवार शिक्षकों का पदस्थापन की समीक्षा की गई। स्कूल में पाठ्यटीका का संधारण और स्कूल में नियमित रूप से छात्रोंपस्थिति बढ़ाने के लिए किए गए प्रयास की जानकारी मांगी गई। एचएम ने प्रयोगशाला संचालन की स्थिति, स्कूल में अतिक्रमित भूमि, भवन, शौचालय की स्थिति, हाउस किपिंग, रनिंग वाटर और चाहरदीवारी की व्यवस्था की जानकारी दी। वहीं उन्नयन बिहार योजना के तहत स्कूल में स्मार्ट क्लास संचालन की स्थिति और बूट मॉडल के तहत माध्यमिक विद्यालयों में अधिष्ठापित आईसीटी लैब संचालन की स्थिति की जानकारी मांगी गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




