सुपौल : प्रवासी मजदूरों की मौजूदगी से बढ़ेगा मतदान प्रतिशत, नागरिकों में चुनावी चर्चा तेज

सुपौल : प्रवासी मजदूरों की मौजूदगी से बढ़ेगा मतदान प्रतिशत, नागरिकों में चुनावी चर्चा तेज

संक्षेप:

त्रिवेणीगंज में एक चाय की दुकान पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। नागरिकों का मानना है कि इस बार प्रवासी मजदूरों की गांव में मौजूदगी से मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। युवाओं और महिलाओं में भी मतदान के प्रति उत्साह बढ़ा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।

Nov 04, 2025 11:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share

त्रिवेणीगंज, निज संवाददाता। मुख्यालय के मेन रोड में मंगलवार की सुबह एक चाय की दुकान पर नागरिकों के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमकर चर्चा हो रही थी। चर्चा में लोगों का मानना था कि इस बार गांवों में प्रवासी मजदूरों के ठहरने से मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलेगी। पाट व्यवसायी रामसुंदर का कहना था कि, पहले चुनाव के दौरान कई लोग काम के सिलसिले में बाहर रहते थे, लेकिन इस बार त्योहार के बाद से ज्यादातर प्रवासी गांव में ही रुके हैं। इससे मतदान प्रतिशत बढ़ना तय है। चाय विक्रेता पिंटू ने कहा, इस वर्ष गांवों में लोगों की मौजूदगी पहले से कहीं अधिक है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अब वे मतदान दिवस पर सक्रिय रूप से भाग लेंगे, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी। वहीं, बैंककर्मी प्रियदर्शी का कहना था, मतदान प्रतिशत में वृद्धि लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। इससे समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ चुनाव प्रक्रिया में शामिल होगी। युवा शुभम ने बताया कि युवाओं और महिलाओं में विशेष जोश देखा जा रहा है। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता काफी उत्साहित हैं। महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है, जिससे मतदान में नई ऊर्जा आएगी। शिक्षक प्रमोद सिंह ने उम्मीद जताई कि यदि प्रवासी मतदाता गांव में इसी तरह रुके रहे, तो इस बार रिकॉर्ड मतदान संभव है।