
सुपौल : सीमा पर हाई अलर्ट, एसएसबी ने बढ़ाई चौकसी
नेपाल में हो रहे उग्र प्रदर्शन के कारण, सुपौल जिले के कुनौली, न्योर और राजपुरा चेकपोस्ट पर एसएसबी ने चौकसी बढ़ा दी है। बिहार पुलिस के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है और...
कुनौली, सुनील कुमार। नेपाल में हो रहे उग्र प्रदर्शन को देखते हुए नेपाल से सटे सुपौल जिले के कुनौली, न्योर व राजपुरा चेकपोस्ट पर एसएसबी जवानों ने चौकसी बढ़ा दी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर नेपाल से लगी भारत की सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है। दोनों तरफ से आने-जाने वालों पर भी पाबंदी लगा दी गई है। स्थानीय नागरिकों को भी आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद ही इंडो-नेपाल की सीमा से आवागमन करने की अनुमति दी जाती है। सीमा पर आने जाने वालों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर सीमा सुरक्षा बल, इंटेलिजेंस ब्यूरो, (आईबी) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों और आसूचना इकाइयों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये गए हैं।

एसएसबी व खुफिया एजेंसी सीमा के साथ-साथ कोशी के जल मार्ग पर भी पैनी नजर रख रहे हैं। पुलिस मुख्याल ने नेपाल की सीमा से लगी भारतीय प्रभाग के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण व पश्चिमी चंपारण जिलों को अलर्ट किया है। हालांकि इंडो-नेपाल के बॉर्डर पर मजबूत तारबंदी नही है। भारत-नेपाल की सीमा 1751 किलोमीटर लंबी है। इसमें सबसे ज्यादा 729 किमी लंबाई बिहार की सीमा नेपाल से लगी है। बिहार के 10 जिले नेपाल बॉर्डर से लगे हुए हैं। बेतिया, मोतिहारी, सीतामढ़ी, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी जैसे जिले प्रमुख रूप से शामिल हैं। बिहार से सटे नेपाल बॉर्डर पर बंगाल और पंजाब की तरह मजबूत तारबंदी नहीं की गई है। भारत-नेपाल सीमा के कुनौली बॉर्डर ओपी वन एसएसबी चेक पोस्ट, पाया किनारे ओपी टू चेक पोस्ट, राजपुरा चेक पोस्ट और न्योर चेक पोस्ट पर नेपाल की ओर से आने वाले तथा जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को सीमा चेक पोस्ट पर रोक वापस लौटा दिया जा रहा है। कुनौली एसएसबी चेक पोस्ट पाया किनारे ओपी टू से बाजार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर इन दिनों सुरक्षा के दृष्टिकोण से एसएसबी महिला जवानों को भी लगाया गया है। सीमा पर जवान 24 घंटे पूरी तरह से सतर्क हैं। इसके साथ-साथ फुटपाथ व सीमा से जुड़ी हर पगडंडियों पर भी जवानों की पैनी नजर है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से सीमा पर महिला जवानों को भी लगाया गया है। कहतें हैं अधिकारी नेपाल की स्थिति को देखते हुए इंडो-नेपाल सीमा सील कर दी गई है। स्थानीय नागरिकों को भी आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद ही आने-जाने की अनुमति है। जितेन्द्र कुमार झा, सहायक कमांडेंट, एसएसबी 45वीं वाहिनी कुनौली

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


