
सुपौल : मानवाधिकार से ही समुचित विकास संभव
त्रिवेणीगंज के अनूपलाल यादव कॉलेज में विश्व मानवाधिकार दिवस पर एनएसएस इकाई और अर्थशास्त्र विभाग ने एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया। प्रो. अरुण कुमार ने मानवाधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि नागरिकों के अधिकारों का ज्ञान आवश्यक है। कार्यक्रम में कई प्रमुख शिक्षकों और छात्रों ने भाग लिया।
त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। अनूपलाल यादव कॉलेज में विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर एनएसएस इकाई एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार कोएक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रो. अरुण कुमार ने की, जबकि संचालन प्रो. विद्यानंद यादव ने किया। प्रो. अरुणकुमार ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन, आज़ादी, समानता और सम्मान का बुनियादी अधिकार ही मानवाधिकार हैं। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों को जाने बिना मनुष्य का समुचित विकास संभव नहीं है। मानवाधिकार ही व्यक्ति को पूर्ण और विकसित बनाते हैं। किसी भी राष्ट्र का विकास उसके नागरिकों के ज्ञान, अधिकार और कर्तव्य बोध पर निर्भर करता है।

यदि समाज में कमजोर और वंचित वर्ग के अधिकारों का हनन होता रहेगा, तो वह राष्ट्र कभी विकसित नहीं बन सकेगा। उन्होंने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध की विभीषिका के बाद संयुक्त राष्ट्र संघ ने मनुष्य के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से 10 दिसंबर 1948 को विश्व मानवाधिकार दिवस मनाने की घोषणा की। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. विद्यानंद यादव ने कहा कि मानवाधिकारों का घोषणा पत्र संयुक्त राष्ट्र संघ का एक बुनियादी दस्तावेज है, जो मानव विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे छह मौलिक अधिकार यथा समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध संरक्षण, धर्म की स्वतंत्रता, संस्कृति एवं शिक्षा संबंधी अधिकार और संवैधानिक उपचार प्रत्येक नागरिक को जानना जरूरी है। मानवाधिकार आयोग नागरिकों के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों के तहत बाल-मजदूरी, एचआईवी/एड्स, स्वास्थ्य, भोजन, बाल-विवाह, महिला अधिकार, हिरासत में मौत, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति व जनजाति से जुड़े मामलों पर कार्य करता है। विश्व मानवाधिकार घोषणापत्र का मुख्य विषय शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, संस्कृति, खाद्यान्न, मनोरंजन और भेदभाव से मुक्ति जैसे बुनियादी अधिकारों से संबंधित है। कार्यक्रम में प्रो. देवनारायण यादव, डॉ. अरविंद, प्रो. कुलानंद यादव, प्रो. राजकुमार यादव, प्रो. शंभू यादव, प्रो. पूनम, सोनू स्नेहिल , सुरेंद्र, भूषण, अनुपम, दिलीप दिवाकर, गगन, दिग्दर्शन, रंजन, करण कुणाल, नागेश्वर यादव, बालकिशोर, प्रभात, हिरेंद्र , सिमरन गोयल, आस्था, प्रियांशु, सरिता, शबनम, नीलू, दिव्या, स्वीटी, रिया, गोबिंद, अंकिता भारती, श्रेया भारती, आश्वी, रंजूषा सुमन, सरिता, चांदनी, मनीषा, शिव, रोशन राज, शुभम, ज्ञान मनी, मुस्कान प्रवीण, रंजीत, अभिनव, साक्षी समेत अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


