सुपौल : बारिश ने बिगाड़ा किचन का बजट, हरी सब्जियों के दाम 40 % तक बढ़े
सुपौल में शनिवार को हुई भारी बारिश से हरी सब्जियों की फसलों को नुकसान हुआ है। इसके कारण मंडी में सब्जियों की आवक कम हो गई और कीमतों में 40 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। फूल गोभी, हरी मिर्च और शिमला...
सुपौल, एक प्रतिनिधि। जिले में शनिवार को हुई झमाझम बारिश के कारण हरी सब्जी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस कारण जिला मुख्यालय स्थित मंडी में सब्जियों की आवक भी घटी है। मंडी में आवक घटने के कारण सब्जियों की कीमतों में 40 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। गौरतलब है कि मंडी में फूल गोभी से लेकर बंधा गोभी, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, परबल, करेला, चुकंदर, गाजर, लौकी, धनिया पत्ता व खीरा सहित अन्य की कीमतें बीते दो दिनों में काफी बढ़ गई हैं। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश के कारण हरी सब्जियों के रख-रखाव के लिए उपयुक्त साधन नहीं होने से वह खराब हो जा रही हैं।
ऐसे में विक्रेताओं को लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था। वहीं इसका सीधा असर सब्जियों की कीमतों पर दिख रहा है। पटेल चौक के हरी सब्जी विक्रेता सुनील मंडल ने बताया कि अभी दो दिन पहले ही बाजार में फूल गोभी की कीमत 120 रुपए किलो थी। अब वह 160 रुपए किलो हो गई है। हरी मिर्च पहले 40 रुपए किलो थी, अब 60 रुपए किलो हो गई है। शिमला मिर्च 120 रुपए थी, अब 160 रुपए हो गई है। जबकि गाजर पहले 80 रुपए किलो था, अब 100 रुपए किलो बिक रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




