Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsHeavy Rain Causes Waterlogging in Supaul City Council Works to Drain Water
सुपौल : गांधी मैदान से पानी निकालने के लिए नप ने लगाया पंपसेट

सुपौल : गांधी मैदान से पानी निकालने के लिए नप ने लगाया पंपसेट

संक्षेप:

सुपौल में शनिवार को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलजाम हो गया। रविवार को नगर परिषद ने पानी की निकासी के लिए प्रयास किए और कई क्षेत्रों से पानी निकाला गया। हालांकि, कुछ इलाकों में अभी भी गंदा पानी...

Sep 14, 2025 11:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। मानसून की मेहरबानी से शनिवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजामव हो गया था। हालांकि रविवार को अधिकांश इलाकों से पानी की निकासी हो गई लेकिन कुछ इलाकों में अभी भी बारिश के बाद नाला का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इस बीच गांधी मैदान में नगर परिषद ने पानी निकासी के लिए रविवार को सुबह से अपनी पूरी ताकत झोंक दी। दो-दो पंपसेट के अलावा चार-चार सिसफुट टैंक लगाकर दिनभर जमे पानी को निकालने की जद्दोजेहद चलता रहा। मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा राघव स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रहे थे और नगर परिषद के कर्मचारियों से पल-पल की अपडेट भी लेते रहे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रविवार शाम तक गांधी मैदान से जमा पानी निकलते ही कई इलाकों का जमा पानी भी नाला से निकला शुरू हुआ तब जाकर शहरवासियों ने राहत की सांस ली। वहीं रविवार को सुबह से शाम तक कई बार बारिश का माहौल बना। दिनभर आसमान में मेघों ने कब्जा जमाए रखा। हालांकि पूर्वानुमान के मुताबिक तेज बारिश नहीं हुई लेकिन बूंदाबांदी का दौर कई इलाकों में जारी रहा। उधर, सांख्यिकी विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में जिले में करीब 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। प्रभारी जिला सांख्यिकी पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि सबसे अधिक छातापुर में 48 एमएम, सदर प्रखंड में 36, पिपरा में 30, त्रिवेणीगंज में 27.4, सरायगढ़-भपटियाही में 25.4, प्रतापगंज में 21.2, मरौना में 19.8 एमएम, निर्मली में 17.8, राघोपुर में 13.8, बसंतपुर में 8.2 एमएम और किशनपुर में 4.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को हवा संग आसमान में छाए बादल के कारण जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि सोमवार को भी जिले में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। सुपौल, स्टेशन के मुख्य द्वार पर सोमवार को गेट लगाया जाना है। ऐसे में सुरक्षा के दुष्टिकोण से सोमवार को पुनर्वास फीडर में दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जेई रविरंजन कुमर ने बताया कि 11 केवीए पुनर्वास फीडर से जुड़े पटेल चौक, हटखोला रोड, विद्यापुरी और गजना चौक आदि इलाकों में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बिजली कटी रहेगी। इसके बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।