Supaul News: सुपौल : रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित
Supaul News: सरायगढ़ में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सचिव के निर्देश पर रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की मरम्मत और सुविधाओं में सुधार के लिए प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें शौचालय की मरम्मती, जलजमाव से निपटने के लिए मिट्टी भराई और मरीजों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था शामिल हैं।

Supaul News: सरायगढ़, निज संवाददाता। प्रखंड कार्यालय वेशम में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सचिव के निर्देश के आलोक में रोगी कल्याण समिति शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अच्युतानंद ने की। बैठक में अस्पताल भवन का रंग-रोगन कराने, लघु मरम्मतीकरण, शौचालय की मरम्मती सहित अन्य छोटे-मोटे कार्य कराने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं बीवीजी रामजी योजना के तहत अस्पताल परिसर में मिट्टी भराई कराने का भी प्रस्ताव लिया गया, ताकि परिसर में जलजमाव की समस्या का निदान हो सके। जल निकासी के लिए नाली को ऊंचा करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इसके अलावा मरीजों के प्रतीक्षा कक्ष में व्हीलचेयर की व्यवस्था करने तथा पुराने तीन-सीटर कुर्सियों की मरम्मती कराने का निर्णय लिया गया। अस्पताल की चहारदीवारी को ऊंचा कराने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी चंद्रभूषण मंडल, डॉ नरेज आलम, प्रभारी बीईओ शिव शंकर पंडित, सदस्य नम्रता देवी, सीताराम शर्मा, दीपा कुमारी, भरत नारायण चौपाल, प्रभु कुमार मेहता, स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेमचंद रंजन, लेखा प्रबंधक राजीव रंजन मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

