सुपौल : भीमनगर में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, विष्णु ट्रेडर्स पर छापेमारी
वीरपुर में जीएसटी विभाग ने विष्णु ट्रेडर्स में छापेमारी की। जांच में गोदाम में अपेक्षा से कम स्टॉक मिला, जिससे गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। दुकानदार ने मंदी का हवाला दिया और कुछ बिल चार्टर्ड अकाउंटेंट के पास होने की बात कही। विभाग दस्तावेजों का मिलान कर रहा है।

वीरपुर, एक संवाददाता। भीमनगर थाना अंतर्गत भीमनगर नया बाजार वार्ड 10 स्थित विष्णु ट्रेडर्स में शुक्रवार को जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान और गोदाम में रखे स्टॉक के साथ-साथ खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई। छापेमारी में सुपौल के जॉइंट कमिश्नर संजय कुमार, डिप्टी कमिश्नर भास्कर रजक, असिस्टेंट कमिश्नर सितेश कुमार तथा भीमनगर थाना की पुलिस टीम मौजूद रही।
जांच की प्रक्रिया
अधिकारियों ने गोदाम और दुकान में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा अन्य आवश्यक कागजात की जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों को गोदाम में अपेक्षा से काफी कम स्टॉक मिला, जिससे स्टॉक और बिलिंग में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। मौके पर जॉइंट कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टा कुछ विसंगतियां सामने आई है। उन्होंने कहा कि संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी कर विभागीय कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब देने को कहा जाएगा। दस्तावेजों और स्टॉक की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदार का बयान
वहीं दुकानदार मृत्युंजय कुमार साह, संजय साह ने अधिकारियों को बताया कि वर्तमान में बाजार में मंदी का असर है, जिसके कारण गोदाम में कम स्टॉक रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ जरूरी बिल उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट के पास हैं, जिन्हें जल्द विभाग को उपलब्ध करा दिया जाएगा। जांच के दौरान अधिकारियों ने सामान की खरीद प्रक्रिया और सप्लाई से जुड़े बिंदुओं, और जरूरत से कम स्टॉक पर भी पूछताछ की। फिलहाल विभाग सभी दस्तावेजों का मिलान कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में जुटा हुआ है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


