सुपौल : गणपतगंज क्रिकेट लीग-2026 : मतीन इलेवन सुपौल ने जीता उद्घाटन मैच
राघोपुर के गणपतगंज में गणपतगंज क्रिकेट लीग-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। पहले मैच में मतीन इलेवन सुपौल ने मधेपुरा स्पोर्ट्स को 19 रनों से हराया। मुख्य अतिथि धीरेंद्र यादव ने लीग का उद्घाटन किया। इस मौके पर खेल प्रेमियों की भारी भीड़ जमा रही। मतीन इलेवन ने 141 रन बनाकर मधेपुरा को 142 का लक्ष्य दिया।

राघोपुर, एक प्रतिनिधि। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज स्थित हाई स्कूल के खेल मैदान परिसर में बुधवार को गणपतगंज क्रिकेट लीग-2026 का भव्य उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल के बीच किया गया। टी-20 प्रारूप में आयोजित इस प्रतिष्ठित लीग के उद्घाटन मुकाबले में मतीन इलेवन सुपौल ने मधेपुरा स्पोर्ट्स को 19 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की। वहीं मुख्य अतिथि जिला परिषद प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव ने फीता काटकर लीग का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन समारोह के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा, जो स्थानीय खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह को दर्शाता है।
पहले मैच में टॉस जीतकर मतीन इलेवन सुपौल ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 18 ओवर 3 गेंदों में 141 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और मधेपुरा स्पोर्ट्स को 142 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में, मधेपुरा स्पोर्ट्स की टीम 18 ओवर 1 गेंद पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार, मतीन इलेवन सुपौल ने 19 रनों से मैच जीत लिया। तौफीज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। मैच की लाइव कमेंट्री राजेश कुमार और एलबी यादव द्वारा की जा रही है, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है। कैफ़ी आज़मी और मुकेश कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि सुभाष यादव, युगल जायसवाल और मोनू कुमार ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। मैच रेफरी के रूप में सौरभ विराट मौजूद रहे। वही गणपतगंज क्रिकेट लीग-2026 का आयोजन बाल विजय क्रिकेट क्लब गणपतगंज के बैनर तले किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार यादव और सचिव आशीष साह हैं। समिति के अन्य सदस्यों में मुकेश साह, गोलू बुमराह, युगल जायसवाल, दीपक यादव, राहुल पब्जी, हमजा और सौरभ झा शामिल हैं। वरिष्ठ सलाहकार समिति में बबलू सिंह, कृष्ण कुमार शर्मा, मतेसर नज़र, सौरभ कोठारी और चेतन शर्मा शामिल हैं। उद्घाटन अवसर पर मुखिया कमलेश साह, अरविंद सिंह, मो. जियाउद्दीन, डॉ. रविंद्र यादव, संजीव कर्ण, शंकर यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करती हैं। आयोजकों में गणपतगंज क्रिकेट लीग-2026 के सफल आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




