सुपौल : प्रतापगंज में एचपी व इंडेन गैस गोदाम का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
प्रतापगंज में गैस किल्लत की अफवाहों के बीच एचपी गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में पर्याप्त गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर मिल रहा है। हालांकि, ग्राहकों की लम्बी भीड़ देखने को मिली। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

प्रतापगंज, निज प्रतिनिधि। गैस किल्लत की अफवाहों को देखते हुए रविवार को प्रतापगंज स्थित एचपी गैस एजेंसी के गोदाम का थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एवं प्रभारी एमओ अमर कुमार शर्मा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस स्टॉक, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और वितरण व्यवस्था विस्तृत रूप में एजेंसी डीलर से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद प्रभारी एमओ अमर कुमार शर्मा ने बताया कि गोदाम में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर मिल रहा है। हालांकि गैस लेने के लिए गोदाम परिसर में ग्राहकों की लम्बी भीड़ देखने को मिली। एचपी गैस एजेंसीज के निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने चिलौनी उतर स्थित इंडियन गैस एजेंसी के गोदाम का भी निरीक्षण किया।
वहां के स्टॉक की जानकारी प्राप्त की। जांच के दौरान दोनों एजेंसियों में पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध पाया गया और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में गैस बुकिंग की समय सीमा 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित की गई है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कई उपभोक्ताओं की गैस 25 से 30 दिन में ही खत्म हो जाती है, जिसके कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ अधिक हो जाती है। इस दौरान थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता गैस लेने के लिए अनावश्यक भीड़ न लगाएं और लाइन में व्यवस्थित तरीके से गैस प्राप्त करें। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की गलत अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


