Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsFree Solar Panels for Kutir Jyoti Consumers in Supaul Under PM Surya Ghar Scheme
सुपौल : कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छत पर लगेंगे मुफ्त सोलर पैनल

सुपौल : कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छत पर लगेंगे मुफ्त सोलर पैनल

संक्षेप:

सुपौल जिले में कुटीर ज्योति योजना के उपभोक्ताओं के लिए नि:शुल्क सोलर पैनल लगाने की योजना शुरू की गई है। यह प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लागू है। बिजली विभाग ने सहमति पत्र लेना शुरू कर दिया है और उपभोक्ताओं के घरों का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों को सस्ती बिजली प्रदान करना है।

Feb 09, 2026 11:24 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के कुटीर ज्योति योजना के उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहतभरी पहल शुरू की गई है। अब इन उपभोक्ताओं के घरों की छत पर नि:शुल्क सोलर पैनल लगाए जाएंगे। यह योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लागू की जा रही है। इसके लिए बिजली कंपनी ने कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं से सहमति पत्र लेना शुरू कर दिया है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सहमति पत्र जमा करने वाले उपभोक्ताओं के घरों का स्थल निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि मकान और छत योजना के तय मानकों पर खरे उतरते हैं, तो सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद इन्हीं पैनलों के माध्यम से घरों में बिजली की आपूर्ति की जाएगी, जिससे गरीब परिवारों को नियमित और सस्ती बिजली मिल सकेगी। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोलर पैनल पूरी तरह नि:शुल्क लगाए जाएंगे। इसके नाम पर किसी भी तरह की राशि मांगे जाने की स्थिति में उपभोक्ता सतर्क रहें। विभाग ने लोगों को साइबर फ्रॉड और फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि योजना से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के सुविधा काउंटर पर सीधे संपर्क कर सकते हैं। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सुपौल और राघोपुर क्षेत्र को मिलाकर जिले में कुल 1 लाख 84 हजार 972 कुटीर ज्योति उपभोक्ता हैं। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल राघोपुर में 1 लाख 5 हजार 718 और सुपौल आपूर्ति प्रमंडल में 79 हजार 255 कुटीर ज्योति के उपभोक्ता हैं। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ दिया जाए। इसी उद्देश्य से जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दी जा रही है और सहमति पत्र भरवाए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो जिलेभर में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं से सहमति पत्र लिया जाएगा और सर्वे के बाद सोलर पैनल लगाया जाएगा। बिजली विभाग के मुताबिक जिले में पीएम सूर्य घर योजना के तहत अब तक जिले में 131 उपभोक्ताओं के घर की छतों पर सोलर पैनल लगा है। अधिकारियों के मुताबिक छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए करीब 1 हजार से अधिक आवेदन आए। इसमें स्थल वैरिफिकेशन के बाद कुछ का नाम छंटा तो कुछ खुद के पैसे लगाने में असमर्थता जताई, इस वजह से रफ्तार सुस्त रही। अब जबकि सरकार कुटीर ज्योति के उपभोक्ताओं के छतों पर मुफ्त में सोलर पैनल लगाएगी तो उम्मीद है कि अधिकांश उपभोक्ता इसका लाभ उठाएंगे। कहते हैं अधिकारी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से सरकार का उद्देश्य गरीब और कमजोर वर्ग के परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना और बिजली पर उनकी निर्भरता को आसान बनाना है। इससे न केवल बिजली बिल में राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। आलोक रंजन, ईई सुपौल