सुपौल : सिमराही में निःशुल्क दंत व नेत्र जांच शिविर, बच्चों को मिला स्वास्थ्य परामर्श
राघोपुर के सिमराही में लायंस क्लब द्वारा निःशुल्क मेडिकल जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों की आंखों और दांतों की जांच की गई। विशेषज्ञों ने बच्चों को स्वास्थ्य समस्याओं के लक्षण और बचाव के उपाय बताए। लायंस क्लब ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
राघोपुर, एक प्रतिनिधि। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही स्थित द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी में रविवार को लायंस क्लब सिमराही राघोपुर-गणपतगंज के सौजन्य से निःशुल्क मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्कूली बच्चों के दांतों और आंखों की विशेष जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों को आंख और दांत से जुड़ी बीमारियों, उनके लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। इस क्रम में लायंस क्लब से जुड़े चिकित्सकों ने बच्चों की बारीकी से जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान कई बच्चों में दंत समस्या और आंखों से संबंधित शुरुआती लक्षण पाए गए, जिन्हें समय रहते इलाज कराने की सलाह दी गई।
वही इस अवसर पर लायंस क्लब सिमराही राघोपुर-गणपतगंज के अध्यक्ष सचिन माधोगाड़िया ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। वहीं द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी के विद्यालय निदेशक विनय चांद ने लायंस क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बच्चों के लिए बेहद उपयोगी होते हैं। जहां शिविर में लायंस क्लब के डॉ. विवेक कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. आनंद, डिस्ट्रिक्ट 322ई के एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार सर्राफ, लायंस क्लब सिमराही, राघोपुर, गणपतगंज के पूर्व अध्यक्ष ललित जायसवाल, उपाध्यक्ष सोनू पंसारी, नीरज कुमार पंसारी, कोषाध्यक्ष गोपाल पंसारी, विद्यालय प्राचार्य अमित कुमार, सुबोध कुमार, आशीष कुमार, सचिन पंसारी, मंटू चांद, लायंस क्लब मधेपुरा के उपाध्यक्ष विकास सराफ, सदस्य राजीव सराफ, मयंक गुप्ता, देवादित्य सेन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




