ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार सुपौलदिनभर रहा कोहरा, गर्म कपड़ों में भी कंपकंपी

दिनभर रहा कोहरा, गर्म कपड़ों में भी कंपकंपी

सुपौल | हिन्दुस्तान संवाददाता जिले में शुक्रवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन...

दिनभर रहा कोहरा, गर्म कपड़ों में भी कंपकंपी
हिन्दुस्तान टीम,सुपौलFri, 15 Jan 2021 11:23 PM
ऐप पर पढ़ें

सुपौल | हिन्दुस्तान संवाददाता

जिले में शुक्रवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। पूरे दिन जिला कोहरे की चपेट में रहा। पश्चिम दिशा से आ रही सर्द हवा ने गलन काफी बढ़ा दिया। हवा की गति 10 से 12 किमी प्रतिघंटा थी। यह असर अभी कुछ दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। आसमान में कोहरे के साथ बादल छाए रहने से दिन और रात का पारा एक डिग्री चढ़ गया।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि जिले सहित कोसी में अगले दो दिनों तक लोगों को कोहरे और ठंड का सामना करना पड़ेगा।

मौसम वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि अगले दो दिन सर्दी और कोहरे का आलम बना रहेगा। हल्के बादल छाये रहने से शनिवार को तापमान में दो डिग्री तक इजाफा हो सकता है लेकिन रविवार को शीतलहर की संभावना है। सुबह में कुहासे के साथ कड़ाके की ठंड से कामकाज प्रभावित हुआ तो कोचिंग-ट्यूशन के लिए निकले छात्र गलन से ठिठुरते दिखे। सर्दी का सितम इस कदर था कि गर्म ऊनी कपड़ा पहनने के बाद भी शरीर में कंपकंपी महसूस हो रही थी।

उधर, तीन-चार दिनों से कड़ाके की ठंड के बाद भी शहर के चौक-चौराहों पर सरकारी स्तर पर अलाव की व्यवस्था नहीं थी। लोग अपने स्तर से ठंड से बचने के अलावा जलाकर तापते नजर आए। ग्रामीण इलाकों में अलाव तो शहरी इलाकों में हीटर और ब्लोअर के सहारे ठंड से राहत पाने की जुगत में लगे रहे। लगातार पड़ रही ठंड से जनजीवन पर प्रभाव पड़ने लगा है।

दुकानदारों की मानें तो ठंड अधिक होने से शुक्रवार को बिक्री आधी हो गई थी। हाल यह रहा कि शाम 7 बजते-बजते बाजार सूना पड़ गया। लोगों की आवाजाही लगभग नहीं के बराबर होने के कारण दुकानें भी बंद करनी पड़ी।

कोहरे ने धूप को घेरे रखा: कोहरे की वजह से दिनभर धूप नहीं निकली। सर्द हवा के कारण ठिठुरन लोगों को घर से बाहर नहीं निकले दे रही थी। लोग यह कहते हुए सुने गए कि आज लगा कि ठंड पड़ रही है। सुबह दस बजे तक अधिकांश दुकानें बंद रही। सुबह में जाम रहने वाली शहर की प्रमुख सड़क अधिकांश समय खाली दिखीं।

लोहिया नगर चौक पर शाम साढ़े छह बजे अलाव के पास जमा लोगों की भीड़।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें