Supaul News: सुपौल : दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण, मॉकड्रिल कर बताए आग से बचाव के उपाय
Supaul News: दुर्गा पूजा के दौरान आगलगी रोकने के लिए अनुमंडल अग्निशमन निर्मली की टीम ने मंगलवार को कुनौली के पूजा पंडाल का निरीक्षण किया और मॉकड्रिल के जरिए बचाव के उपाय बताए। टीम ने बिजली की वायरिंग, पंडाल की बनावट, रास्तों और अग्निशमन व्यवस्था की जांच की। पूजा समिति को भीड़ नियंत्रण, रास्ते खाली रखने और आग लगने पर विभाग को सूचना देने का निर्देश दिया गया।

Supaul News: कुनौली, निज प्रतिनिधि। दुर्गा पूजा के दौरान अगलगी की घटनाओं को रोकने के लिए मंगलवार को अनुमंडल अग्निशमन निर्मली की टीम ने पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने मॉकड्रिल कर आग से बचाव के उपाय बताए। साथ ही पूजा समिति के सदस्यों को सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पंडाल की बनावट, बिजली की वायरिंग, आवागमन के रास्ते और अग्निशमन व्यवस्था की जांच की गई। टीम ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। अग्निशमन कर्मियों ने कहा कि आग लगने पर घबराने के बजाय लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और तत्काल विभाग को सूचना देने की जरूरत है।
इस दौरान भीड़ नियंत्रण, रास्ता खाली रखने और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण एवं मॉक ड्रिल में सब ऑफिसर इंद्रेश कुमार, प्रधान अग्निक विनय कुमार कामत, अग्निक बिजेंद्र कुमार, रविन्द्र कुमार और अग्निक चालक राम नरेश कुमार शामिल थे।


