Supaul News: सुपौल : अगलगी में घर-बाइक समेत लाखों की संपत्ति जलकर राख
Supaul News: वीरपुर के भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया वार्ड संख्या पांच में सोमवार दोपहर मो. मझाक के घर में आग लग गई। आग से घर, सामान और एक मोटरसाइकिल जल गई। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। नुकसान लाखों रुपये का होने की आशंका है। आग लगने के कारणों की जांच होगी और सरकारी प्रावधानों के अनुसार सहायता पर कार्रवाई की जाएगी।

Supaul News: वीरपुर, एक संवाददाता। भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया वार्ड संख्या पांच में सोमवार की दोपहर मो. मझाक के घर में अचानक आग लगने से घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी जल गई। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही भीमनगर थाना के एसआई पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, अग्निशमन विभाग, वीरपुर को सूचना दिए जाने के बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची।
इसके बाद अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक घर और उसमें रखे सामान को काफी नुकसान पहुंच चुका था। आग की घटना से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है। इस संबंध में बसंतपुर की राजस्व अधिकारी (आरओ) आकांक्षा कुमारी ने बताया कि आग लगने की घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।


