Supaul News: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
Supaul News: सुपौल के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क दुर्घटना में 33 वर्षीय रोशन कुमार की मृत्यु हो गई। घटना में उनका साथी राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर लौटते समय तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। रोशन परिवार के दो बच्चों का पिता था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

Supaul News: सुपौल, कार्यालय संवाददाता सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौघारा पुल के समीप बुधवार की देर रात सड़क दुर्घटना में बाइक चालक एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गम्हरिया थाना क्षेत्र के कमलजरी वार्ड 11 निवासी बमभोली प्रसाद यादव के 33 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, रोशन कुमार अपने मित्र राधेश्याम के साथ बाइक से सुपौल से वापस घर लौट रहे थे। इसी क्रम में चौघारा पुल के समीप गम्हरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रोशन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राधेश्याम का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस निजी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रोशन कुमार दो बच्चों के पिता थे और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। करीब सात वर्ष पहले उनकी शादी अररिया जिले के रानीगंज निवासी किरण भारती से हुई थी।


